बाराबंकी: धान का पुवाल भरते समय युवक को सांप ने काटा, हालत गंभीर

बाराबंकी: धान का पुवाल भरते समय युवक को सांप ने काटा, हालत गंभीर
सीएचसी फतेहपुर में एंटी स्नेक वेनम की 20 खुराक देने के बाद जिला अस्पताल रेफर, परिजन लखनऊ लेकर रवाना
फतेहपुर, बाराबंकी। फतेहपुर क्षेत्र के दशरथपुर गांव में गुरुवार दोपहर धान का पुवाल ट्राली में भर रहे 22 वर्षीय युवक को सांप ने काट लिया। सांप के काटने से युवक की हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन युवक को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ लेकर रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार, दशरथपुर गांव निवासी अवधेश कुमार का 22 वर्षीय पुत्र अश्वनी कुमार गुरुवार दोपहर खेत में धान का पुवाल ट्राली में भर रहा था। इसी दौरान पुवाल के नीचे छिपे सांप ने उसके दाहिने पैर में काट लिया। अचानक तेज दर्द होने पर परिजन उसे तत्काल सीएचसी फतेहपुर ले गए।
सीएचसी में मौजूद चिकित्सक डॉ. हिमांशु ने युवक का उपचार शुरू किया। उपचार के दौरान उसे एंटी स्नेक वेनम (सर्पदंश रोधी दवा) की 20 खुराक दी गईं, लेकिन उसकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया गया कि सांप की पहचान फुरसे प्रजाति के जहरीले सांप के रूप में की गई, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। परिजन सांप को भी अस्पताल लेकर पहुंचे थे और उसे चिकित्सक की मेज पर रख दिया। अचानक सांप को देखकर अस्पताल में मौजूद लोग दंग रह गए।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अवनीश चौधरी ने बताया कि अस्पताल में एंटी स्नेक वेनम पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। अश्वनी को सरकारी अस्पताल में उपचार दिया गया। परिजनों के मुताबिक, उपचार के लिए उनसे कोई शुल्क नहीं लिया गया।
परिजनों ने बताया कि खेत में पहले भी कई बार सांप निकल चुके हैं, लेकिन इससे पहले इस तरह की कोई घटना नहीं हुई थी। युवक की हालत गंभीर होने के कारण परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए लखनऊ लेकर रवाना हो गए। उसके स्वास्थ्य को लेकर परिवार के लोग चिंतित हैं।

