बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग पर ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग पर ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
ग्रामीण ने बाइक से पीछा कर हैदरगढ़ में पकड़ा ट्रक, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बाराबंकी। कोठी थाना क्षेत्र में बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग पर शनि धामपुर चौराहे के पास गुरुवार दोपहर ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार 28 वर्षीय रामकुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा, लेकिन एक ग्रामीण ने बाइक से पीछा कर हैदरगढ़ में ट्रक को पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, सादुल्लापुर निवासी रामकुमार पुत्र लालू गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे साइकिल से सहजनपुर चौराहे से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाराबंकी की ओर से आ रहे एक ट्रक ने शनि धामपुर चौराहे के पास उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में रामकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, चौराहे के निवासी चंदन ने हादसे के बाद ट्रक को भागते देखा तो बाइक से उसका पीछा किया। उन्होंने हैदरगढ़ में ट्रक को पकड़ लिया। घटना की जानकारी मिलने पर कोठी थाना प्रभारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मजदूरी कर चलाते थे परिवार, अब पत्नी के सामने बच्चों की परवरिश की चुनौती
रामकुमार मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बेटे हैं। बड़ा बेटा अमन पांच वर्ष का है, जबकि छोटा बेटा रमन अभी तीन साल का है। परिवार के पास खेती की जमीन भी नहीं है और रामकुमार ही घर में अकेले कमाने वाले थे।
रामकुमार की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पति की मौत के बाद पत्नी के सामने दोनों मासूम बच्चों की परवरिश और परिवार का खर्च चलाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

