Mon, 23 Nov 20266:14 PM
Mon, Nov 23, 2026Updated 6:14 PM IST
होम › उत्तर प्रदेश

बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा: पिकअप और ई-ऑटो की आमने-सामने टक्कर, तीन की मौत, पांच घायल

WhatsAppFacebookX

बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा: पिकअप और ई-ऑटो की आमने-सामने टक्कर, तीन की मौत, पांच घायल

बाराबंकी। जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। फतेहपुर-देवा मार्ग पर सलारपुर के पास तेज रफ्तार पिकअप और ई-ऑटो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के कुछ लोग रोजगार के सिलसिले में मुंबई जा रहे थे। इसके लिए उन्हें बाराबंकी से ट्रेन पकड़नी थी। सभी लोग फतेहपुर से ई-ऑटो (यूपी 32 टीटी 6911) में सवार होकर बाराबंकी जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही पिकअप (यूपी 34 डीटी 8974) से ई-ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग सड़क पर बिखर गए।

दो युवकों की मौके पर मौत, महिला ने उपचार के दौरान तोड़ा दम

हादसे में सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के मालपुरवा निवासी राजकुमार उर्फ उस्मान (29), पुत्र सुरजीत चौहान और रामविलास (24), पुत्र बुद्धू निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाराबंकी के बद्दूपुर थाना क्षेत्र के जगायपुर निवासी सोनी (35), पत्नी जितेंद्र ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

पांच घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में घायल जितेंद्र (38), पुत्र घनश्याम, निवासी अयोध्या; प्रवेश, निवासी रामपुर मथुरा; रणधीर यादव (35) और रिंकू यादव (27), निवासी रामपुर मथुरा क्षेत्र तथा ई-ऑटो चालक मेनुद्दीन (22), निवासी नई बस्ती कटरा, फतेहपुर शामिल हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पिकअप चालक हिरासत में, दोनों वाहन पुलिस के कब्जे में

प्रभारी निरीक्षक आलोकमणि त्रिपाठी के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पिकअप चालक को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। रोजगार की तलाश में मुंबई जा रहे परिवार का सफर रास्ते में ही दर्दनाक हादसे में बदल गया।