बड़ी खबर: हमीरपुर के राठ में बुर्का पहनकर आए हथियारबंद चोरों ने व्यापारी के घर की लाखों की चोरी

राठ (हमीरपुर)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कस्बे में चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। छोटी जुल्हैटी मोहल्ले में बुर्का पहनकर तमंचे से लैस होकर आए दो चोरों ने एक गुड़ व्यापारी के घर को निशाना बनाया। चोर घर से करीब सात लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।
छत के रास्ते घर में घुसे चोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छोटी जुल्हैटी मोहल्ला निवासी अनिल साहू उर्फ पप्पू साहू गुड़ का व्यापार करते हैं। बुधवार रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान बुर्का पहने दो चोर तमंचा लेकर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए।
चोरों ने घर में रखी अलमारी तोड़कर उसमें रखे सोने का हार, मंगलसूत्र, अंगूठी, कान की बालियां, जंजीर और अन्य सोने-चांदी के आभूषणों के साथ लगभग सात लाख रुपये नकद चोरी कर लिए।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात
चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए घर में लगे एक सीसीटीवी कैमरे को बंद करने की कोशिश की, लेकिन अन्य कैमरों में उनकी गतिविधियां कैद हो गईं। फुटेज में संदिग्ध चोर दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई।
राठ कोतवाली प्रभारी अनूप सिंह के अनुसार, व्यापारी की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना का खुलासा करने के प्रयास में जुटी है।
व्यापारियों में दहशत
कस्बे में लगातार चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में चिंता का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
रिपोर्टर: निज़ामुद्दीन खान उर्फ डॉ. निज़ाम ख़ान
वंदे भारत न्यूज़ चैनल
जनपद हमीरपुर, उत्तर प्रदेश।

