Fri, 20 Nov 20266:22 PM
Fri, Nov 20, 2026Updated 6:22 PM IST
होम › मध्य प्रदेश

बड़नगर जनपद में अब बैठकों में नहीं चल सकेगी पति प्रतिनिधियों की मनमानी, CEO ने जारी किया आदेश

WhatsAppFacebookX

खबरों का हुआ असर, महिला जनप्रतिनिधियों की जगह बैठक में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों पर लगेगी रोक

बड़नगर। जनपद पंचायत में अब महिला जनप्रतिनिधियों के स्थान पर उनके पति या अन्य प्रतिनिधियों का बैठकों में शामिल होना मान्य नहीं होगा। इस संबंध में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) ने पत्र जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बैठकों में केवल निर्वाचित जनप्रतिनिधि ही उपस्थित होंगे। उनके स्थान पर पति या अन्य प्रतिनिधि के शामिल होने पर उनकी उपस्थिति मान्य नहीं की जाएगी।

गौरतलब है कि बड़नगर जनपद पंचायत सहित कई स्थानों पर महिला जनप्रतिनिधियों के स्थान पर उनके पति प्रतिनिधि के रूप में बैठकों में शामिल होते रहे हैं। इनमें जनपद अध्यक्ष के पति भी शामिल बताए जा रहे हैं, जो विभिन्न बैठकों और गतिविधियों में प्रतिनिधि के रूप में नजर आते रहे हैं। इस व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं कि आखिर निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों के अधिकारों का इस्तेमाल उनके स्थान पर दूसरे लोग कैसे कर रहे हैं?

अब CEO द्वारा जारी आदेश के बाद इस व्यवस्था पर रोक लगाने की पहल की गई है। इससे महिला जनप्रतिनिधियों को अपने संवैधानिक और प्रशासनिक अधिकारों के साथ स्वयं बैठकों में शामिल होना होगा।

हालांकि, बड़ा सवाल यह है कि क्या इस बार जारी आदेश का सख्ती से पालन होगा? क्योंकि पूर्व में भी इस तरह के निर्देश जारी होने के बावजूद उनका प्रभावी पालन नहीं हो पाया है। यदि आदेश के बाद भी पति या प्रतिनिधि बैठकों में शामिल होते हैं, तो क्या जनपद प्रशासन उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई करेगा?

फिलहाल CEO के इस आदेश से जनपद की राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था में हलचल मच गई है। अब देखना होगा कि आदेश सिर्फ कागजों तक सीमित रहता है या वास्तव में महिला जनप्रतिनिधियों को उनका अधिकार और सम्मान दिलाने में सफल होता है।