बड़नगर में खबर प्रकाशित होने के बाद पत्रकार को फोन पर धमकी! वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप, पत्रकारों में आक्रोश

बड़नगर में जनपद अध्यक्ष पति उमराव सिंह से जुड़े मामले की खबर प्रकाशित होने के बाद विवाद गहरा गया है। जनपद सदस्यों द्वारा लगाए गए आरोपों को मीडिया में प्रकाशित किए जाने के बाद अब पत्रकार मोहन सिंह हाड़ा को फोन पर धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।बताया जा रहा है कि वायरल ऑडियो में उमराव सिंह पत्रकार मोहन सिंह हाड़ा से बातचीत के दौरान ऑडियो वायरल करने, ब्लैकमेलिंग और अन्य आरोपों को लेकर धमकी भरे अंदाज में बात करते सुनाई दे रहे हैं। पत्रकार का कहना है कि उन पर बिना किसी ठोस सबूत के ब्लैकमेलिंग और लेनदेन से जुड़े आरोप लगाए जा रहे हैं। वहीं, दो दिन बीतने के बाद भी कथित तौर पर पत्रकार की कोई ऑडियो क्लिप सामने नहीं आई है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या किसी खबर के प्रकाशित होने पर पत्रकारों को इस तरह फोन पर धमकाया जाना उचित है?मामले को लेकर पत्रकारों में नाराजगी देखने को मिल रही है। भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष जुझार सिंह राठौड़ भी पत्रकारों के समर्थन में सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार भी आम इंसान हैं, उनका भी परिवार और जीवन है। पत्रकार की कलम में इतनी ताकत होती है कि वह गलत कार्यों को उजागर कर सकती है। ऐसे में मीडिया पर आरोप लगाकर दबाव बनाने की कोशिश कहां तक उचित है?जूझार सिंह राठौड़ ने उमराव सिंह के भाजपा से जुड़े होने पर भी सवाल उठाते हुए दावा किया कि उमराव सिंह न तो भाजपा के सदस्य हैं और न ही कार्यकर्ता। उन्होंने आरोप लगाया कि उमराव सिंह ने अपनी पत्नी को निर्दलीय चुनाव लड़वाकर भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी को हराने में भूमिका निभाई थी।अब इस पूरे मामले में वायरल ऑडियो की सत्यता, पत्रकार को दी गई कथित धमकी और लगाए गए आरोपों को लेकर पुलिस प्रशासन तथा भाजपा संगठन की संभावित कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
बड़नगर में अब बड़ा सवाल यही है—क्या खबर प्रकाशित करने वाले पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्रता सुनिश्चित होगी?

