बेटी के जन्मदिन की बात पर पड़ोसियों से हुआ विवाद, घर में घुसकर डंडे और हथौड़े से पूरे परिवार पर हमला, 12 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार!

रिपोर्टर विजय सोलंकी
उज्जैन।
बेटी का जन्मदिन मनाने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पड़ोसी अपने चार साथियों के साथ हथियार लेकर सीधे एक परिवार के घर पहुंच गया। हाथों में लकड़ी के डंडे और लोहे का हथौड़ा था। आरोप है कि घर में घुसते ही आरोपियों ने परिवार के लोगों पर हमला कर दिया। महिला, उसके पति, बुजुर्ग सास और दो बेटियां भी मारपीट की चपेट में आ गईं। इतना ही नहीं, घर में तोड़फोड़ करने के साथ परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मामला उज्जैन के बिरलाग्राम थाना क्षेत्र की अशोक कॉलोनी का है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं।
आखिर जन्मदिन की बात पर इतना बड़ा बवाल कैसे हो गया?
दरअसल, अशोक कॉलोनी में रहने वाली 45 वर्षीय सरिता पत्नी ताराचंद्र सैर की बेटी का 9 नवंबर को जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने की बात को लेकर पड़ोस में रहने वाले विजय जिनवाल से विवाद हो गया था।
आरोप है कि इसी विवाद का बदला लेने के लिए 11 नवंबर की शाम करीब 7 बजे विजय अपने चार साथियों के साथ सरिता के घर पहुंचा। आरोपियों के पास लकड़ी के डंडे और लोहे का हथौड़ा था। घर में घुसकर उन्होंने गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
इस हमले में सरिता, उसके पति ताराचंद्र, सास श्यामाबाई और बेटियां लावण्या व सीताबाई घायल हो गईं। आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ भी की और परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
12 घंटे में पुलिस ने दबोचे तीन आरोपी
घटना की शिकायत मिलने के बाद बिरलाग्राम पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करणदीप सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक नागदा कमल निगवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जितेंद्र पाटीदार ने टीम गठित की।
पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मुख्य आरोपी विजय जिनवाल (47), निवासी अशोक कॉलोनी, हाल मुकाम गोकुलधाम सिटी पालिया, इंदौर को गिरफ्तार किया। इसके अलावा मुकेश भारती (52) और अमन भारती (27), निवासी अक्षय नगर, नानाखेड़ा उज्जैन को भी पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल एक लोहे का हथौड़ा और दो लकड़ी के डंडे जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें उप जेल खाचरौद भेज दिया गया।
दो आरोपी अभी भी फरार
इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेंद्र पाटीदार सहित बिरलाग्राम थाने की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
फिलहाल जन्मदिन की बात पर शुरू हुए विवाद में तीन आरोपी जेल पहुंच चुके हैं, लेकिन पुलिस के सामने अब बाकी दो फरार आरोपियों को पकड़ने की चुनौती है।

