बेटी के जन्मदिन पर महागांव पुलिस स्टेशन को वाटर कूलर की भेंट; नगरसेविका जयश्री नरवाडे की सराहनीय पहल जन्मदिन पर अनावश्यक खर्च से बचकर समाजसेवा का दिया संदेश, पुलिस स्टेशन में स्

बेटी के जन्मदिन पर महागांव पुलिस स्टेशन को वाटर कूलर की भेंट;
नगरसेविका जयश्री नरवाडे की सराहनीय पहल
जन्मदिन पर अनावश्यक खर्च से बचकर समाजसेवा का दिया संदेश, पुलिस स्टेशन में स्वच्छ एवं ठंडे पेयजल की होगी सुविधा
महागांव | जिला प्रतिनिधि शेख महेबूब
महागांव, दि. 14 : जन्मदिन पर अनावश्यक खर्च करने के बजाय समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का सराहनीय उदाहरण महागांव की नगरसेविका तथा कांग्रेस की तालुका महिला अध्यक्ष सौ. जयश्रीताई संजय नरवाडे ने पेश किया है। अपनी बेटी सानिका के जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने महागांव पुलिस स्टेशन को वाटर फिल्टर-कूलर मशीन भेंट की।
पुलिस स्टेशन में विभिन्न कार्यों और शिकायतों के सिलसिले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक आते हैं। विशेषकर गर्मी के दिनों में नागरिकों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो, इसी उद्देश्य से जयश्रीताई नरवाडे ने यह सामाजिक पहल की।
महागांव पुलिस स्टेशन के थानेदार सेवानंद वानखेडे की अध्यक्षता में आयोजित एक छोटे से कार्यक्रम में जयश्रीताई नरवाडे के हाथों फीता काटकर वाटर कूलर मशीन का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार गजानन वायमारे, संजय भगत, संजय नागरगोजे सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। गजानन वायमारे ने जयश्रीताई के इस जनोपयोगी कार्य की विशेष सराहना की। वहीं संजय भगत ने थानेदार वानखेडे की कार्यप्रणाली तथा पुलिस स्टेशन परिसर में उनके द्वारा किए गए स्वच्छता कार्यों और सकारात्मक बदलावों की प्रशंसा की
।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए थानेदार सेवानंद वानखेडे ने जयश्रीताई नरवाडे का आभार व्यक्त किया। साथ ही बेटी का जन्मदिन इस तरह रचनात्मक एवं समाजोपयोगी तरीके से मनाने के लिए उनका अभिनंदन किया।
एक जनप्रतिनिधि द्वारा सामाजिक दायित्व निभाते हुए की गई इस सराहनीय पहल की पूरे महागांव शहर में प्रशंसा हो रही है।

