Sat, 14 Nov 202612:11 AM
Sat, Nov 14, 2026Updated 12:11 AM IST
होम › मध्य प्रदेश

बीती रात मनगवा थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक बेहोशी का स्प्रे डालकर सोने चांदी जेवरात समेत नगदी पार

WhatsAppFacebookX

News video GIF

मनगवां के बेलवा पैकान में चोरों का आतंक, घर में घुसकर युवक पर किया स्प्रे, बेहोश कर लाखों का सामान समेट ले गए चोर

रात करीब 1 बजे टीन शेड हटाकर घर में दाखिल हुए बदमाश, 1 लाख 20 हजार रुपये नगद, करीब 10 तोला सोना और चांदी के जेवरात चोरी, पीड़ित ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

रीवा/मनगवां। मनगवां थाना क्षेत्र के ग्राम बेलवा पैकान में चोरी की एक गंभीर वारदात सामने आई है। यहां अज्ञात चोरों ने आधी रात को एक घर को निशाना बनाते हुए न केवल लाखों रुपये के नगदी और जेवरात चोरी किए, बल्कि घर में मौजूद व्यक्ति को बेहोश करने के लिए कथित तौर पर स्प्रे का इस्तेमाल भी किया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है। वहीं क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में भी चिंता बढ़ती जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बेलवा पैकान निवासी धीरेंद्र सिंह पिता रंगदेव सिंह के घर में 12 नवंबर 2026 की रात करीब 1 बजे अज्ञात चोर दाखिल हुए। बताया गया कि धीरेंद्र सिंह घर में छत की सीढ़ियों के पास लेटे हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर में प्रवेश करने के लिए सीढ़ियों के पास लगे टीन शेड को हटाया और रास्ता बनाकर अंदर घुस गए।

जागते ही युवक पर किया स्प्रे, बेहोश होकर गिर पड़ा

पीड़ित धीरेंद्र सिंह के अनुसार रात में जब उन्हें घर के अंदर कुछ हलचल सुनाई दी तो उनकी नींद खुल गई। उन्होंने देखा कि घर में अज्ञात लोग घुसे हुए हैं। इसी दौरान चोरों ने उन पर किसी प्रकार का स्प्रे कर दिया, जिसके बाद वह बेहोश होकर गिर पड़े। पीड़ित के बेहोश होने का फायदा उठाकर बदमाशों ने घर में रखे नगदी और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

नगदी समेत करीब 10 तोला सोना और चांदी के जेवरात गायब

पीड़ित के मुताबिक चोर घर से करीब 1 लाख 20 हजार रुपये नगद, सोने की चैन, हार सहित लगभग 10 तोला सोने के आभूषण चोरी कर ले गए। इसके अलावा चांदी की पायल, अंगूठी, करधन सहित अन्य कीमती सामान भी चोरों ने पार कर दिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। रात के अंधेरे में चोर जिस तरीके से घर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए, उससे परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पीड़ित ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

घटना को लेकर पीड़ित धीरेंद्र सिंह का कहना है कि वारदात के बाद अब तक पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद चोरी की घटना का खुलासा नहीं हो पाया है और न ही चोरी गया सामान बरामद हुआ है। पीड़ित परिवार अपने घर में हुई इस बड़ी वारदात से परेशान है और चोरों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।

लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत

मनगवां थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि रात के समय घरों में घुसकर इस तरह वारदातों को अंजाम दिया जाएगा और लोगों की सुरक्षा खतरे में रहेगी तो आम नागरिक अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर पाएंगे। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण करने की मांग की है।

अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर मनगवां क्षेत्र में चोरी की वारदातों पर कब लगेगी लगाम? क्या पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेकर आरोपियों तक पहुंच पाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिला पाएगी?
बेटू तिवारी की रिपोर्ट✍️