चौथी रेल लाइन के काम से कोरबा-गेवरारोड की 12 ट्रेनें 12 दिन रद्द, हसदेव एक्सप्रेस बनेगी पैसेंजर, यात्रियों की बढ़ी मुसीबत

कोरबा, रेलवे प्रबंधन दिसंबर माह में 12 दिनों के लिए गेवरारोड व कोरबा से चलने वाली 12 ट्रेनों को रद्द करने जा रही है। इससे बिलासपुर, रायपुर, सहित अन्य स्थानों तक यात्रियों के लिए सफर मुश्किल हो जाएगा। इसकी वजह बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन परियोजना का निर्माण कार्य को बताया गया है। ऐसे में यात्रियों को सड़क मार्ग से ही सफर करना होगा। इससे यात्रियों की दिक्कतें बढ़ने वाली हैं। इसे लेकर ऊर्जाधानी के यात्री परेशान हैं।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल ने इस संबंध में सूचना जारी किया है। रेलवे ने बताया है कि रेल अधोसंरचना को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन परियोजना का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है। यह रेल मार्ग देश के उत्तर एवं दक्षिण भारत को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण एवं व्यस्त रेल कॉरिडोर है। इस }परियोजना को शीघ्र पूर्ण करने के लिए
बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन के चांपा स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोड़ने के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग प्रणाली स्थापित करने का कार्य भी किया जाएगा। इसके लिए करीब डेढ़ दर्जन से अधिक ट्रेनों को प्रभावित किया है। इसमें कोरबा से चलने वाली 12 ट्रेनें शामिल हैं, जो 6 दिसंबर से 17 दिसंबर तक की अवधि के भीतर रद्द रहेगी। इसे लेकर दिसंबर के पहले पखवाड़े में सफर करने वाले यात्रियों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। इस अवधि में कोरबा से गिनती की ही ट्रेन चलेगी। इसे भी प्रबंधन ने प्रभावित कर दिया है। इसमें हसदेव एक्सप्रेस जो उक्त अवधि में पैसेंजर बनकर चलेगी। वहीं शिवनाथ एक्सप्रेस को विलंब से रवाना किया जाएगा। वहीं कार्य अवधि में लिंक एक्सप्रेस और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस कोरबा नहीं आएगी, बल्कि दोनों ही ट्रेनों को बिलासपुर रेलवे स्टेशन से चलाने का निर्णय लिया है। प्रबंधन के इस निर्णय के बाद से ऊर्जाधानी के यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई है।
कोरबा की ये ट्रेनें रहेगी रद्द
06 से 17 दिसंबर तक रायपुर से चलने वाली 68746 रायपुर-गेवरारोड मेमू पैसेंजर रद्द।
07 से 18 दिसंबर तक गेवरारोड से चलने वाली 68745 गेवरारोड-रायपुर मेमू पैसेंजर रद्द।
06 से 17 दिसंबर तक रायपुर से चलने वाली 58204 रायपुर-कोरबा पैसेंजर रद्द।
07 से 18 दिसंबर तक कोरबा से चलने वाली 58203 कोरबा-रायपुर पैसेंजर रद्द।
07 से 18 दिसंबर तक बिलासपुर व गेवरारोड से चलने वाली 68734/68733 बिलासपुर-गेवरारोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर रद्द।
07 से 18 दिसंबर तक बिलासपुर व कोरबा से चलने वाली 68732/68731 बिलासपुर-कोरबा-बिलासपुर मेमू पैसेंजर रद्द।
07 से 18 दिसंबर तक बिलासपुर से चलने वाली 58210 बिलासपुर-गेवरारोड पैसेंजर रद्द रहेगी।
रद्द अवधि में पैसेंजर बनकर चलेगी हसदेव एक्सप्रेस
रेलवे ने 12 दिनों तक कोरबा की ट्रेनों को रद्द करने के बाद हसदेव एक्सप्रेस को प्रभावित किया है। इस ट्रेन को कोरबा-रायपुर-कोरबा के मध्य 7 दिसंबर से 18 दिसंबर तक पैसेंजर बनाकर चलाने का निर्णय लिया है। इसे रेलवे प्रबंधन ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध बताया है। जबकि इस ट्रेन के पैसेंजर बनकर चलने से नियमित रूप से आवाजाही करने वाले यात्रियों की दिक्कतें बढ़ जाएगी। पहले से ही यह ट्रेन कोरबा स्टेशन विलंब से पहुंचती है। पैसेंजर बनकर चलाने से और भी देर हो जाएगी। इसे लेकर यात्रियों में नाराजगी है।

