छानी बुजुर्ग में ग्राम समाज की सुरक्षित भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, ग्राम प्रधान ने पुलिस से की शिकायत

छानी बुजुर्ग में ग्राम समाज की सुरक्षित भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, ग्राम प्रधान ने पुलिस से की शिकायत
सुमेरपुर (हमीरपुर)। जिले के छानी बुजुर्ग गांव में ग्राम समाज की सुरक्षित भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कराए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान ने दो ग्रामीणों पर खलिहान के लिए सुरक्षित जमीन पर जबरन निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए थाना बिवांर पुलिस से शिकायत की है।
ग्राम प्रधान राजेश्वरी ने थाना अध्यक्ष बिवांर को दिए शिकायती पत्र में बताया कि ग्राम पंचायत के गाटा संख्या 548 में खलिहान के लिए भूमि सुरक्षित दर्ज है। आरोप है कि गांव के दो लोग उक्त भूमि पर पक्का निर्माण कर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रधान के अनुसार, उन्होंने लेखपाल जितेंद्र सिंह के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रोकने की हिदायत दी थी, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर तत्काल निर्माण रुकवाने और मामले में कार्रवाई की मांग की।
वहीं, थाना अध्यक्ष बिवांर ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस बल गांव भेजा गया है। उन्होंने फिलहाल ग्राम समाज की सुरक्षित भूमि पर कब्जे के आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
अब पुलिस जांच और राजस्व अभिलेखों के परीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि ग्राम समाज की सुरक्षित भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप कितना सही है।
संवाददाता: निज़ाम ख़ान
वंदे भारत न्यूज़ | हमीरपुर

