धारदार तलवार लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार उमरखेड़ पुलिस की कार्रवाई; 700 रुपये की तलवार और म्यान जब्त

धारदार तलवार लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार
उमरखेड़ पुलिस की कार्रवाई; 700 रुपये की तलवार और म्यान जब्त
उमरखेड़ | जिला प्रतिनिधि शेख महेबूब
यवतमाल जिले के उमरखेड़ तालुका अंतर्गत सुकली जहागीर बसस्थानक परिसर में धारदार तलवार लेकर घूमकर नागरिकों में दहशत फैलाने वाले 24 वर्षीय युवक को उमरखेड़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से तलवार और म्यान जब्त की है। यह कार्रवाई 16 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे की गई।
गिरफ्तार आरोपी का नाम आयफाजोद्दीन उर्फ गौसौद्दीन मुजीबोद्दीन काजी (उम्र 24 वर्ष, निवासी सुकली जहागीर, तहसील उमरखेड़) बताया गया है। आरोपी के पास से करीब 32 इंच लंबी और डेढ़ इंच चौड़ी धारदार लोहे की तलवार बरामद की गई। तलवार की म्यान सहित कुल कीमत लगभग 700 रुपये बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को दोपहर के समय उमरखेड़ पुलिस थाने के डीबी प्रमुख पुलिस उपनिरीक्षक शरद लोहोकरे गश्त पर थे। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि सुकली जहागीर बसस्थानक पर एक युवक तलवार लेकर घूम रहा है और लोगों में दहशत पैदा कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पंचों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर दोपहर 12:30 बजे जाल बिछाया और आरोपी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से धारदार तलवार और म्यान बरामद हुई। पुलिस ने पंचनामा कर हथियार जब्त कर लिया।
इस मामले में भारतीय हथियार कानून के तहत उमरखेड़ पुलिस थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक थोरात, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं उपविभागीय पुलिस अधिकारी गौरव कायंदे पाटील के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक लक्ष्मी मलकुवार, सहायक पुलिस निरीक्षक अमोल गुंडे, डीबी प्रमुख पुलिस उपनिरीक्षक शरद लोहोकरे, सहायक फौजदार मधुकर पवार, पुलिस हवलदार चंदन जाधव, पुलिस कांस्टेबल विष्णु राठोड तथा पुलिस कांस्टेबल एवं चालक रुद्र बनखेडे ने सहभाग लिया।

