Sat, 17 Oct 20266:36 PM
Sat, Oct 17, 2026Updated 6:36 PM IST
होम › राजस्थान

धौलपुर में 1.30 करोड़ रुपये का गांजा जब्त, आंध्र प्रदेश के दो आरोपी गिरफ्तार

WhatsAppFacebookX

News video GIF

धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले में पुलिस ने नशे की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 261 किलो 11 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही आंध्र प्रदेश नंबर की कार भी जब्त की गई और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

एनएच-44 पर मुखबिर की सूचना से कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, भरतपुर रेंज की पुलिस महानिरीक्षक डॉ. प्रीति चंद्रा के विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में मनियां थाना पुलिस और यातायात पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।

16 और 17 अक्टूबर 2026 को मिली मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बगचौली खार मोड़ के पास कार नंबर AP31-CB-1177 को रुकवाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में रखे 11 प्लास्टिक के कट्टों से कुल 261 किलो 11 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

आंध्र प्रदेश के दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से आंध्र प्रदेश निवासी 45 वर्षीय श्रीनिवास टी और 45 वर्षीय गेडम अमर चेतन्य को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी गांजा लेकर आंध्र प्रदेश से राजस्थान के दौसा जा रहे थे।

पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की गई कार जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया है।

तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और तस्करी के इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

इस मामले में पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान का बयान भी लिया गया है।

राकेश शर्मा, जिला संवाददाता, वंदे भारत न्यूज़, धौलपुर।