धनतेरस पर ग्रामीणों को मिली बड़ी सौगात कच्चे पट्टाधारकों को मिली पक्की रजिस्ट्री

*धनतेरस पर ग्रामीणों को मिली बड़ी सौगात, कच्चे पट्टाधारकों को मिली पक्की रजिस्ट्री*
*देवतालाब विधायक गिरीश गौतम ने हितग्राहियों को सौंपे दस्तावेज, लौर कला के 53 और डिहिया पड़ान के 11 परिवारों को मिला भूमि का वैधानिक अधिकार*
मऊगंज। धनतेरस का पर्व मऊगंज जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले कच्चे पट्टाधारकों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया। मुख्यमंत्री स्वामित्व योजना के तहत वर्षों से अपनी भूमि और आवास पर काबिज ऐसे परिवारों को अब पक्की रजिस्ट्री के दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उन्हें अपनी जमीन और मकान का वैधानिक अधिकार मिल सकेगा।
ग्राम पंचायत लौर कला में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं देवतालाब विधायक गिरीश गौतम ने पात्र हितग्राहियों को रजिस्ट्री के दस्तावेज वितरित किए। इस दौरान उन्होंने सभी को धनतेरस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दूरगामी सोच का परिणाम है कि आज ग्रामीण क्षेत्र के भू-अधिकार धारकों को उनकी भूमि की सत्यापित पक्की रजिस्ट्री मिल रही है।
विधायक गिरीश गौतम ने कहा कि शासन द्वारा पात्र हितग्राहियों को निशुल्क रजिस्ट्री कराकर दस्तावेज सौंपे जा रहे हैं। इससे अब उन्हें अपनी जमीन पर पूर्ण कानूनी अधिकार प्राप्त होगा। यह योजना ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव लाने के साथ ही जनता और सरकार के बीच विश्वास को भी मजबूत कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम में मौजूद कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वामित्व योजना के तहत काबिज पट्टाधारकों को निशुल्क रजिस्ट्री उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए सचिव और पटवारी गांव-गांव जाकर हितग्राहियों की केवाईसी सहित आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आगामी 15 नवंबर तक जिले के सभी पात्र हितग्राहियों को निशुल्क रजिस्ट्री के दस्तावेज उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
इसी क्रम में नईगढ़ी तहसील की ग्राम पंचायत डिहिया पड़ान में भी कार्यक्रम आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को रजिस्ट्री के दस्तावेज वितरित किए गए। तहसीलदार सुनील द्विवेदी ने बताया कि इस योजना से हितग्राहियों को उनकी भूमि और आवास का वैधानिक अधिकार प्राप्त हो रहा है।
लौर कला के 53 और डिहिया पड़ान के 11 हितग्राहियों को मिली सौगात
योजना के तहत ग्राम पंचायत लौर कला के 53 तथा ग्राम पंचायत डिहिया पड़ान के 11 हितग्राहियों को निशुल्क पक्की रजिस्ट्री के दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। दस्तावेज प्राप्त करने वाले हितग्राहियों रामभजन, राजबहोर, राजेश, रामदेव सहित अन्य ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार जताते हुए कहा कि धनतेरस के अवसर पर सरकार ने उन्हें बड़ी सौगात दी है। अब वे अपनी भूमि और आवास के पूर्ण कानूनी अधिकारी बन गए हैं।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्र सहित अन्य अधिकारी, ग्रामीणजन एवं हितग्राही उपस्थित रहे।

