दिवाली की रात आग का तांडव: 9 दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान


दिवाली की रात आग का तांडव: 9 दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान
लुधियाना (पंकज कुमार शर्मा): दिवाली की रात महानगर में आतिशबाजी और पटाखों के चलते आग लगने की दो बड़ी घटना सामने आईं। सबसे बड़ा हादसा ढंडारी खुर्द स्थित सब्जी मंडी में पेश आया, जहां आसमान से गिरे एक पटाखे की चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी मंडी में हाहाकार मचा दिया। इस भीषण अग्निकांड में रजाई-गद्दे, कबाड़ और फल-सब्जी की करीब 9 दुकानें व रेहड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ढंडारी खुर्द स्थित सब्जी मंडी में रात करीब 10:30 बजे अचानक आसमान से जलता हुआ कोई पटाखा या आतिशबाजी सीधे मंडी के शेड पर आ गिरी। पटाखा गिरते ही वहां स्थित रजाई-गद्दों की एक दुकान में रुई ने तुरंत आग पकड़ ली। सूखी रुई और कपड़ों के कारण आग ने चंद मिनटों में ही रौद्र रूप अख्तियार कर लिया और आसपास की दुकानों को भी अपनी आगोश में लेना शुरू कर दिया। देखते ही देखते आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और मंडी में चीख-पुकार मच गई।
आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि वे कई किलोमीटर दूर से साफ दिखाई दे रही थीं। मंडी में मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने पहले अपने स्तर पर बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग बेकाबू होते देख तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचित किया गया।घटनास्थल पर उमड़ी भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सायरन बजाती हुई घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब 45 मिनट तक पानी की बौछारें कर भारी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, तब तक रजाई-गद्दे, कबाड़ और सब्जी व फलों की 9 दुकानें व रेहड़ियां जलकर पूरी तरह खाक हो चुकी थीं, जिससे गरीब दुकानदारों की रोजी-रोटी छिन गई और लाखों का नुकसान हो गया।

