दुलही–रायपुर सड़क विवाद में पत्रकारों से अभद्रता और धमकी का मामला, पत्रकार संगठनों ने जताया विरोध


लखीमपुर खीरी। ग्राम पंचायत दुलही के मजरा रायपुर में सड़क निर्माण को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहाथा। पूर्व में सड़क का निर्माण मुख्य खड़ंजे वाले मार्ग के बजाय खेतों की तरफ जाने वाले एकांत रास्ते से कराए जाने की बात सामने आई थी। इस प्रस्ताव का स्थानीय ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने विरोध किया था। विद्यार्थियों का कहना था कि मुख्य मार्ग से ही ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है, इसलिए सड़क का डामरीकरण भी मुख्य मार्ग पर ही कराया जाना चाहिए।
मामले को लेकर ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने क्षेत्रीय विधायक से शिकायत की थी। इसके बाद विधायक द्वारा लिखित आश्वासन दिया गया था कि सड़क का डामरीकरण मुख्य खड़ंजे वाले मार्ग पर ही कराया जाएगा, न कि खेतों की तरफ जाने वाले दूसरे रास्ते पर।
इसी लिखित आश्वासन और सड़क निर्माण की वास्तविक स्थिति का स्थलीय निरीक्षण करने के लिए 4 नवंबर 2026 को लोक निर्माण विभाग (PWD) के XEN एवं संबंधित इंजीनियर ग्राम पंचायत दुलही के रायपुर पहुंचे थे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मार्ग का निरीक्षण किया और विधायक द्वारा दिए गए लिखित वक्तव्य के आधार पर स्थिति स्पष्ट की। निरीक्षण के दौरान इंजीनियर ने भी स्पष्ट किया कि सड़क का निर्माण मुख्य खड़ंजे वाले पुराने मार्ग पर ही कराया जाएगा। खेतों की तरफ जाने वाले एकांत रास्ते पर सड़क नहीं बनाई जाएगी।
अधिकारियों के इस निरीक्षण के बाद स्थानीय ग्रामीणों और विद्यार्थियों में उम्मीद जगी कि लंबे समय से चल रहे सड़क विवाद का समाधान होगा और मुख्य मार्ग पर पक्की सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
**इसी दौरान पत्रकारों के साथ अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया।**
दरअसल, 4 नवंबर को सड़क निर्माण के सर्वेक्षण एवं स्थलीय निरीक्षण के दौरान रायपुर रपटा पुल पर वीडियो कवरेज कर रहे पत्रकार शोभित सिंह और पत्रकार अजय सिंह के साथ कुछ लोगों द्वारा अभद्रता किए जाने, मोबाइल फोन छीनने का प्रयास करने और धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
इस मामले में शिकायत के दौरान दो व्यक्तियों के नाम सामने आए हैं।
**शिकायत में नामजद व्यक्ति:**
1. टिंगल जायसवाल पुत्र सोनाश्री, निवासी रायपुर।
2. विपिन पुत्र सूर्यप्रसाद, निवासी रायपुर।
शिकायत के अनुसार, उक्त व्यक्तियों द्वारा पत्रकार शोभित सिंह और पत्रकार अजय सिंह के साथ अभद्र व्यवहार किया गया तथा वीडियो कवरेज के दौरान उन्हें धमकी दी गई। पत्रकारों ने पूरे घटनाक्रम को लेकर संबंधित थाना पढ़ुआ, जनपद लखीमपुर खीरी में शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।

