एटा में शराब पीने के बाद तीन युवकों की मौत, परिजनों ने एक्सपायरी शराब पीने का लगाया आरोप

एटा। जिले के निधौली कलां क्षेत्र में शराब पीने के बाद तीन युवकों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, किशोरपुर गांव निवासी तीनों युवक बुधवार दोपहर एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। शराब पीने के कुछ ही मिनट बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मृतकों की पहचान अजीत (18) पुत्र चंद्रपाल, जीतू (21) पुत्र लेखराज और शिव कुमार (19) पुत्र दुर्ग विजय के रूप में हुई है। तीनों आपस में रिश्तेदार थे और भाई लगते थे।
परिजनों ने आशंका जताई है कि तीनों ने एक्सपायरी शराब का सेवन किया था, जिसके चलते उनकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। हालांकि, मौत की असली वजह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही डीएम एम. अरुण मौली और एसएसपी इलामारन मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और परिजनों से जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

