पेरिस1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

फ्रेंच ओपन में शनिवार रात बड़ा उलटफेर हुआ। डिफेंडिंग चैंपियन कोको गॉफ तीसरे दौर में हारकर बाहर हो गईं। 30वीं वरीयता प्राप्त अनास्तासिया पोटापोवा ने उन्हें 4-6, 7-6 (1), 6-4 से हराया। हार के बाद अमेरिकी स्टार गॉफ ने माना कि वे अहम मौकों का फायदा नहीं उठा सकीं।
ऑस्ट्रिया की पोटापोवा ने लंबी बेसलाइन रैलियों में बेहतर नियंत्रण दिखाया। उन्होंने निर्णायक मौकों पर अंक लेकर जीत हासिल की। दूसरी ओर, जापान की नाओमी ओसाका ने अपने करियर के 100वें ग्रैंड स्लैम मैच में जीत दर्ज की।
जीत के बाद ऑस्ट्रिया की पोटापोवा कोर्ट पर ही बैठ गईं।
ओसाका ने जोविच को हराया, अब सबालेंका से मैच
ओसाका ने अमेरिका की इवा जोविच को 7-6 (5), 6-7 (3), 6-4 से हराकर अंतिम-16 में जगह बनाई। वर्ल्ड नंबर-1 आर्यना सबालेंका ने डारिया कसातकिना को 6-0, 7-5 से हराकर चौथे दौर में प्रवेश किया। अब दोनों आमने-सामने होंगी।
ओसाका खेल के साथ-साथ अपने फैशन स्टेटमेंट को लेकर भी चर्चा में रहीं। वे सुनहरे रंग के विशेष आउटफिट में कोर्ट पर उतरीं। मैच के बाद जापानी खिलाड़ी ने कहा कि वह अब टेनिस को ज्यादा आनंद और उत्साह के साथ खेल रही हैं।
ओसाका ने अमेरिका की इवा जोविच को 7-6 (5), 6-7 (3), 6-4 से हराया।
सेरुंडोलो करीब 6 घंटे चले मैच में जीते, लैंडालुसे को हराया
पुरुष एकल में जुआन मैनुएल सेरुंडोलो ने मार्टिन लैंडालुसे को 5 घंटे 58 मिनट चले मुकाबले में हराया। यह पिछले छह वर्षों में फ्रेंच ओपन का सबसे लंबा मैच रहा। दो दिन पहले विश्व नंबर-1 यानिक सिनर को हराने वाले सेरुंडोलो ने लगातार दूसरी पांच सेट की जीत दर्ज की। फेलिक्स ऑगर-अलियासिम, फ्रांसेस टियाफो, माटेओ बेरेटिनी और फ्लावियो कोबोली भी अगले दौर में पहुंच गए।
—————————————————-
फ्रेंच ओपन की यह खबर भी पढ़िए…
जोकोविच तीसरे दौर में उलटफेर का शिकार, कैमरामैन पर भड़के

24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच फ्रेंच ओपन के तीसरे दौर में उलटफेर का शिकार हो गए। उन्हें शुक्रवार रात को 19 साल के ब्राजीली खिलाड़ी जोआओ फोन्सेका ने लगभग पांच घंटे चले मैच में दो सेट से पिछड़ने के बाद 4-6, 4-6, 6-3, 7-5, 7-5 से हराया। पढ़ें पूरी खबर
















