Thu, 15 Oct 20261:18 PM
Thu, Oct 15, 2026Updated 1:18 PM IST
होम › उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद में हत्या के मामले में वांछित आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

WhatsAppFacebookX

News video GIF

गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में हत्या के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी बिलाल के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस, चाकू और मोटरसाइकिल बरामद करने की जानकारी दी है।

चेकिंग के दौरान पुलिस से हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर को ट्रोनिका सिटी थाने में हत्या के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं।

इसी दौरान चेकिंग करते समय पुलिस टीम को तेज रफ्तार से आती एक मोटरसाइकिल दिखाई दी। पुलिस ने बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह खानपुर की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे पकड़ लिया गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिलाल (27), निवासी केला गोदाम, थाना अंकुर विहार क्षेत्र, गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक चाकू और मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

गाजियाबाद से मनोज शर्मा की रिपोर्ट।