Tue, 10 Nov 20262:18 AM
Tue, Nov 10, 2026Updated 2:18 AM IST
होम › मध्य प्रदेश

गौवंश संरक्षण के दावों के बीच मऊगंज की गौशालाओं पर उठे सवाल, जल्द होगा सरकारी अनुदान और अव्यवस्थाओं का बड़ा खुलासा!

WhatsAppFacebookX

गौवंश की प्रत्येक वस्तु उपयोगी और मूल्यवान, लेकिन मऊगंज की गौशालाओं की व्यवस्थाओं पर उठ रहे सवाल!

सांसद जनार्दन मिश्रा ने किया गौवंश संरक्षण का आह्वान, कलेक्टर ने सड़क पर घूम रहे गोवंश को गौशालाओं में आश्रय देने की अपील की, अब गौशालाओं की जमीनी हकीकत पर उठेंगे सवाल

मऊगंज। गोवर्धन पूजा के अवसर पर मऊगंज जिले की रकरी गौशाला में आयोजित जिला स्तरीय गौ-पूजन कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्रा ने गोवंश के महत्व और संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गोमाता किसी के ऊपर बोझ नहीं है। गोवंश से प्राप्त होने वाली प्रत्येक वस्तु उपयोगी और मूल्यवान है। गौ-संरक्षण एवं संवर्धन केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने गोपालकों को संबोधित करते हुए प्रदेश की 3000 से अधिक गौशालाओं के लिए 65 करोड़ 66 लाख रुपये की अनुदान राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से जारी की। इस दौरान गोपाल कृष्ण गोपालक पुरस्कार के विजेताओं को भी राशि प्रदान की गई।

वहीं कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने कहा कि गोवंश हमारी संस्कृति और ग्रामीण जीवन का अभिन्न अंग है। उन्होंने गौशाला संचालकों से सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश को गौशालाओं में आश्रय देने की अपील की। साथ ही आम नागरिकों से पशुओं को सड़कों पर खुला नहीं छोड़ने का आग्रह किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि गोवंश के संरक्षण के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

लेकिन बड़ा सवाल – गौशालाओं की जमीनी हकीकत क्या है?

एक तरफ मंचों से गौ-संरक्षण और गौसेवा की बातें हो रही हैं, वहीं दूसरी तरफ मऊगंज जिले की कई गौशालाओं में कथित अव्यवस्थाओं, चारे-पानी की कमी, रखरखाव में लापरवाही और अनुदान राशि के उपयोग को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

यदि गौशालाओं के संचालन के लिए शासन की ओर से अनुदान दिया जा रहा है, तो क्या उसका सही उपयोग हो रहा है? क्या गौशालाओं में गोवंश के लिए पर्याप्त चारा, पानी और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध है? क्या संबंधित अधिकारी नियमित रूप से निरीक्षण करते हैं? आखिर गौवंश के संरक्षण के नाम पर खर्च होने वाली सरकारी राशि का वास्तविक लाभ पशुओं तक पहुंच रहा है या नहीं?

जल्द ही मऊगंज जिले की कुछ गौशालाओं में सामने आ रही कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं का खुलासा तथ्यों के साथ किया जाएगा। गौशालाओं की व्यवस्थाओं, गोवंश की स्थिति और सरकारी सहायता के उपयोग से जुड़े पहलुओं को सामने लाने का प्रयास होगा।

प्रशासन से भी अपेक्षा है कि जिले की गौशालाओं का निष्पक्ष निरीक्षण कराकर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करे और जहां अनियमितताएं मिलें, वहां जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करे।

क्योंकि सवाल किसी आयोजन या गौ-पूजन का नहीं, बल्कि उन बेजुबान गोवंश की सुरक्षा और जीवन का है, जिनके संरक्षण के नाम पर योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

गौसेवा केवल पूजा और भाषण तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, उसका असर गौशालाओं में भी दिखाई देना चाहिए।