Sat, 14 Nov 202612:11 AM
Sat, Nov 14, 2026Updated 12:11 AM IST
होम › उत्तर प्रदेश

गीतों की तकरार में राधा पक्ष ने मारी बाजी, सखी छेड़न में गूंजे राधे-राधे के जयकारे*

WhatsAppFacebookX

News video GIF

*दोहा, सोरठा, छंद और सवैयों से सजा राधा-कृष्ण पक्ष का रोचक मुकाबला भक्ति गीतों पर झूमीं सखियां*

टोड़ीफतेहपुर। कार्तिक मास की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के तहत नगर के मोहल्ला फतेहपुर में सखी छेड़न का अनूठा आयोजन किया गया। स्वर्गीय आत्माराम गुप्ता की स्मृति में उनके पुत्र कृष्ण मुरारी गुप्ता,अरविन्द गुप्ता द्वारा आयोजित कार्यक्रम में राधा-कृष्ण पक्ष के बीच दोहा, सोरठा, छंद और सवैयों के माध्यम से रोचक काव्यात्मक मुकाबला हुआ। इसमें राधा पक्ष ने बाजी मार ली।
कार्तिक मास में भगवान श्रीकृष्ण की आराधना के लिए महिलाएं कठिन व्रत रखकर प्रतिदिन ब्रह्ममुहूर्त में स्नान एवं पूजा-अर्चना करती हैं। इसी परंपरा के अंतर्गत पांच दिनों तक सखियां तालाबों और पोखरों पर जाकर भगवान श्रीकृष्ण को खोजने की धार्मिक परंपरा निभाती हैं। इसी क्रम में सरयू सागर लठवारा से भगवान श्रीकृष्ण को खोजकर लौटी सखियों को फलों का फरार वितरित किया गया और सखी छेड़न का कार्यक्रम शुरू हुआ।
सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ आयोजन शाम तीन बजे तक चला। इस दौरान राधारानी और श्रीकृष्ण पक्ष के बीच पारंपरिक दोहा, सोरठा, छंद और सवैयों के जरिए सवाल-जवाब का दौर चला। दोनों पक्षों ने काव्यात्मक अंदाज में एक-दूसरे पर सवालों के तीर चलाए और गीतों के माध्यम से जवाब देकर खूब समां बांधा।
नजरगंज निवासी सखी ललिता बेलदार सहित अन्य सखियों ने सिर पर दधि की मटकी रखकर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। ‘चोरी माखन की छोड़ कन्हैया में समझाऊं तोय’ और ‘दधि माखन के चोर पकड़े गए नंदकिशोर’ जैसे पारंपरिक सवैयों ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। भक्ति गीतों पर सखियां झूम उठीं और पूरा पांडाल राधे-राधे के जयकारों से गूंज उठा।
श्रीराधिका पक्ष से रजनी भास्कर बेरबई के साथ लीला समेले, अर्चना पाठक, रश्मि गुप्ता, पुष्पा साहू एवं विशाखा ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। वहीं श्रीकृष्ण पक्ष की ओर से पंडित शिवशंकर चतुर्वेदी, बृजकिशोर समाधिया, सुशील शर्मा रजवारा एवं रामगुलाम यादव मऊरानीपुर ने अपनी काव्य प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दोनों पक्षों के बीच हुए रोचक मुकाबले के बाद राधा पक्ष को विजयी घोषित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता, सभासद राजकुमार दुबे, सतीश पाठक, अरविंद गुप्ता, अनिल गुप्ता सहित नगर एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आयोजन के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
*तहसील टहरौली ब्यूरो चीप मुकेश कुशवाहा की खास रिपोर्ट*