गरौठा में मिशन शक्ति रैली निकालकर छात्राओं और महिलाओं को किया जागरूक

गरौठा, झांसी। महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को गरौठा कस्बे में मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस रैली का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक रावेंद्र कुमार मिश्रा ने किया।
रैली का शुभारंभ कन्या इंटर कॉलेज, गरौठा से हुआ। इसके बाद छात्राओं, शिक्षिकाओं और पुलिसकर्मियों ने कस्बे के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए लोगों को महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। रैली का समापन गरौठा थाने में हुआ।
महिला सुरक्षा और अधिकारों की दी जानकारी
रैली के दौरान छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने उन्हें बताया कि किसी भी तरह की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में पुलिस से सहायता लेने में संकोच नहीं करना चाहिए।
अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा जरूरत पड़ने पर उपलब्ध सहायता सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिसकर्मी और शिक्षिकाएं रहीं मौजूद
इस अवसर पर महिला उपनिरीक्षक रूबी सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य सनी सोनी, कॉलेज की शिक्षिकाएं और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने और पुलिस तथा आमजन के बीच संवाद मजबूत करने का संदेश दिया गया।
गरौठा से हेमन्त यादव की रिपोर्ट।

