हमीरपुर: 20 नवंबर को महिला आयोग की सदस्य सुनेंगी महिलाओं की समस्याएं, कलेक्ट्रेट में लगेगी जागरूकता चौपाल पीड़ित महिलाएं सीधे रख सकेंगी अपनी शिकायतें

हमीरपुर: 20 नवंबर को महिला आयोग की सदस्य सुनेंगी महिलाओं की समस्याएं, कलेक्ट्रेट में लगेगी जागरूकता चौपाल
पीड़ित महिलाएं सीधे रख सकेंगी अपनी शिकायतें, अधिकारियों को दिए जाएंगे निस्तारण के निर्देश
हमीरपुर। महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई और पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के उद्देश्य से 20 नवंबर को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जागरूकता चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इसमें उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती अनीता गुप्ता महिलाओं की समस्याएं सुनेंगी और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगी।
जिला सूचना कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, जागरूकता चौपाल का आयोजन सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में किया जाएगा। इस दौरान महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर महिलाओं को जागरूक भी किया जाएगा।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने जनपद की पीड़ित महिलाओं एवं शिकायतकर्ता आवेदिकाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर चौपाल में पहुंचकर महिला आयोग की सदस्य के समक्ष अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे प्रस्तुत करें, ताकि उनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
संवाददाता: निजाम खान
वंदे भारत न्यूज़ | हमीरपुर

