Mon, 23 Nov 202612:14 AM
Mon, Nov 23, 2026Updated 12:14 AM IST
होम › उत्तर प्रदेश

हमीरपुर: 22.40 लाख की लागत से बनी सड़क हाथों से उखड़ी, निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल सुमेरपुर के मिहुंना गांव में डामरीकरण के 12 घंटे के अंदर सड़क उखाड़ने का वीडियो वायरल

WhatsAppFacebookX

हमीरपुर: 22.40 लाख की लागत से बनी सड़क हाथों से उखड़ी, निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल

सुमेरपुर के मिहुंना गांव में डामरीकरण के 12 घंटे के अंदर सड़क उखाड़ने का वीडियो वायरल, ब्लॉक प्रमुख ने अधिकारियों से शिकायत की बात कही

भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर), 22 नवंबर 2026। जनपद हमीरपुर के भरुआ सुमेरपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत मिहुंना में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। यहां मंडी परिषद द्वारा सिसोलर मार्ग से सिद्ध बाबा धार्मिक स्थल तक करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क का निर्माण 22.40 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को सड़क पर डामरीकरण कराया गया था। इसके बाद शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक व्यक्ति ब्लॉक प्रमुख जय नारायण सिंह यादव की मौजूदगी में सड़क को हाथों से उखाड़ता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

ठेकेदार ने लगाए ग्रामीणों पर आरोप

मामले में ठेकेदार प्रशांत सिंह परिहार ने सड़क निर्माण मानकों के अनुसार कराने का दावा किया है। उनका आरोप है कि कुछ ग्रामीण उनसे अनुचित मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं करने पर सड़क को ट्रैक्टर के कल्टीवेटर से उखाड़ा गया। ठेकेदार ने जांच में साक्ष्य प्रस्तुत करने की बात कही है।

मंडी परिषद के अधिकारी ने भी रखा अपना पक्ष

मंडी परिषद के डिप्टी डायरेक्टर रामनरेश सोनकर के अनुसार उन्होंने शुक्रवार को सड़क निर्माण की गुणवत्ता का निरीक्षण कर तस्वीरें अधिकारियों को भेजी थीं। उनका आरोप है कि कुछ ग्रामीण निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे थे और अनुचित मांग कर रहे थे।

जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई

ब्लॉक प्रमुख ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री सहित संबंधित अधिकारियों से करने की बात कही है। अब सवाल यह है कि 22.40 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क की वास्तविक गुणवत्ता क्या है और निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन हुआ या नहीं। मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच होने के बाद ही सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।

संवाददाता: निज़ाम खान
वंदे भारत न्यूज़, हमीरपुर