Thu, 19 Nov 202612:19 PM
Thu, Nov 19, 2026Updated 12:19 PM IST
होम › उत्तर प्रदेश

हमीरपुर: अन्ना गोवंश को बचाने के चक्कर में NH-34 पर नदी के पुल की रेलिंग तोड़ नीचे उतरा ट्रक, बड़ा हादसा टला

WhatsAppFacebookX

News video GIF

हमीरपुर: अन्ना गोवंश को बचाने के चक्कर में NH-34 पर नदी के पुल की रेलिंग तोड़ नीचे उतरा ट्रक, बड़ा हादसा टला

सुमेरपुर (हमीरपुर)। राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर गुरुवार सुबह करीब 3:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। मौदहा की ओर से आ रहा एक ट्रक रोटी राम महाराज तपोस्थल के सामने नदी के ऊपर बने पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा पहुंचा। गनीमत रही कि ट्रक नदी में नहीं गिरा और न ही पलटा। हादसे में चालक सहित सभी लोग बाल-बाल बच गए। किसी को कोई चोट नहीं आई।

मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक के सामने अचानक अन्ना गोवंश आ गया। इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य गाड़ी को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक ने वाहन को किनारे की तरफ मोड़ दिया। इसी दौरान ट्रक पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा पहुंचा।

मौदहा निवासी ट्रक मालिक जहांगीर खान ने बताया कि सामने से आ रही गाड़ी और अन्ना गोवंश को बचाने के प्रयास में चालक को अचानक ट्रक मोड़ना पड़ा, जिससे यह हादसा हुआ।

स्थानीय लोगों के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर इस स्थान पर आए दिन कोई न कोई सड़क हादसा होता रहता है। सड़क का संकरा होना दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण माना जा रहा है। सड़क पर वाहनों का आवागमन अधिक होने के बावजूद पर्याप्त चौड़ाई न होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-34 के इस मार्ग का चौड़ीकरण जल्द से जल्द कराया जाए, ताकि आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों की जान सुरक्षित रह सके।

सुबह हुए इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि न होना राहत की बात रही, लेकिन घटना ने एक बार फिर सड़क की चौड़ाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

संवाददाता: निजाम खान
वंदे भारत न्यूज़ | हमीरपुर