Sun, 15 Nov 20263:12 AM
Sun, Nov 15, 2026Updated 3:12 AM IST
होम › उत्तर प्रदेश

हमीरपुर: गहरौली गांव में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, मुस्करा पुलिस को मिली सफलता

WhatsAppFacebookX

मुस्करा (हमीरपुर)। जनपद हमीरपुर के मुस्करा थाना क्षेत्र के गहरौली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती 11 नवंबर की देर रात गहरौली गांव में जयंत राजपूत अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान आरोप है कि चार लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। इसके बाद आरोपियों ने तमंचे से फायरिंग कर दी। घटना से गांव में दहशत का माहौल बन गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

पीड़ित जयंत राजपूत की तहरीर पर मुस्करा थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित राजपूत उर्फ अंकू निवासी पहाड़ी, अनूप राजपूत निवासी गहरौली, प्रियांशु विश्वकर्मा निवासी गहरौली और आरिस मंसूरी निवासी मुस्करा के रूप में हुई है।

मुस्करा थाना प्रभारी कौशल सिंह के अनुसार, चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।

पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा

गहरौली गांव में हुई फायरिंग की घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। पुलिस द्वारा चारों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट: निज़ाम ख़ान
वंदे भारत न्यूज़ चैनल, जनपद हमीरपुर