हमीरपुर में अवैध मिट्टी खनन पर प्रशासन का छापा, जेसीबी और ट्रैक्टर पकड़े; चालक हिरासत में, दूसरा फरार

भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। जनपद में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन और एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में लगे लोगों में हड़कंप मच गया। पकड़े गए दोनों वाहनों को पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को एसडीएम सदर के निर्देश पर नायब तहसीलदार रमेश चंद्र नामदेव के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने भरुआ सुमेरपुर क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय के आगे छापेमारी की। प्रशासन को यहां अवैध रूप से मिट्टी खनन किए जाने की सूचना मिली थी।
छापेमारी के दौरान मौके पर मिट्टी खनन में एक जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर लगा हुआ मिला। प्रशासनिक टीम को देखकर दोनों वाहनों के चालक भागने का प्रयास करने लगे। टीम ने पीछा कर जेसीबी को चालक सहित पकड़ लिया, जबकि ट्रैक्टर चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
इसके बाद प्रशासनिक टीम ने पकड़ी गई जेसीबी और ट्रैक्टर को फैक्टरी एरिया पुलिस चौकी में पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जेसीबी चालक को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान लेखपाल अटल तिवारी, महेंद्र कुमार सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
लगातार हो रहे अवैध खनन पर उठ रहे सवाल
क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की गतिविधियों को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से खनन कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना होगा कि प्रशासन आगे इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और अवैध खनन पर कितनी प्रभावी रोक लग पाती है।
रिपोर्ट: डॉ. निज़ाम ख़ान
वन्दे भारत न्यूज हमीरपुर
हमीरपुर, उत्तर प्रदेश

