Fri, 20 Nov 20266:22 PM
Fri, Nov 20, 2026Updated 6:22 PM IST
होम › उत्तर प्रदेश

हमीरपुर में खेत में ज्वार की कटाई के दौरान नीलगाय का हमला, 65 वर्षीय महिला गंभीर घायल नीलगाय ने वृद्धा को पटककर किया लहूलुहान, सिर में आई गंभीर चोट; जिला अस्पताल से कानपुर रेफर

WhatsAppFacebookX

हमीरपुर में खेत में ज्वार की कटाई के दौरान नीलगाय का हमला, 65 वर्षीय महिला गंभीर घायल

नीलगाय ने वृद्धा को पटककर किया लहूलुहान, सिर में आई गंभीर चोट; जिला अस्पताल से कानपुर रेफर

हमीरपुर। जनपद में खेत में ज्वार की कटाई के दौरान नीलगाय के हमले से 65 वर्षीय वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। अचानक खेत में निकली नीलगाय ने महिला पर हमला कर उन्हें जमीन पर पटक दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गईं।

जानकारी के अनुसार, कुरारा थाना क्षेत्र के राघवा गांव निवासी कमला देवी खेत में ज्वार की कटाई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक खेत में नीलगाय निकल आई और उसने महिला पर हमला कर दिया। नीलगाय के हमले से महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोर सुनकर पहुंचे परिजनों ने डंडे लेकर नीलगाय को दौड़ाया, जिसके बाद वह मौके से भाग गई।

परिजन आनन-फानन में घायल कमला देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुरारा लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल हमीरपुर लाया गया। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने खेतों में काम करने वाले किसानों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

संवाददाता: निजाम खान
वंदे भारत न्यूज़ | हमीरपुर, उत्तर प्रदेश