Sun, 15 Nov 20263:12 AM
Sun, Nov 15, 2026Updated 3:12 AM IST
होम › उत्तर प्रदेश

हमीरपुर: पुरानी रंजिश में चार बाइकों से पहुंचे आठ युवकों ने की हवाई फायरिंग, गांव में मची दहशत; सीसीटीवी में कैद हुई घटना

WhatsAppFacebookX

सरीला (हमीरपुर)। जनपद हमीरपुर के जरिया थाना क्षेत्र के अमूंद गांव में पुरानी रंजिश को लेकर फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार बाइकों पर सवार होकर पहुंचे आठ युवकों ने एक घर के बाहर गाली-गलौज करते हुए हवाई फायरिंग की और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमूंद गांव निवासी अरुण कुमार पुत्र जयपाल राजपूत ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गुरुवार सुबह करीब 9:45 बजे राहुल राजपूत अपने साथ रिगवारा खुर्द निवासी अब्बू उर्फ अभय, संजय और रिगवारा कला निवासी हृदेश समेत चार अन्य युवकों के साथ चार बाइकों से उनके घर के बाहर पहुंचा।

आरोप है कि युवकों ने घर के बाहर पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया। शोर सुनकर जब ग्रामीण मौके पर एकत्र होने लगे तो राहुल और अब्बू ने कथित तौर पर तमंचों से हवाई फायरिंग कर दी। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए सभी युवक मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात

दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालांकि, पुलिस को मौके से कारतूस के खोखे बरामद नहीं हुए।

चार नामजद समेत आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज

जरिया थाना प्रभारी मनोज पांडेय के अनुसार, पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार नामजद और चार अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट: निज़ाम ख़ान
वंदे भारत न्यूज़ चैनल | जनपद हमीरपुर, उत्तर प्रदेश