Tue, 24 Nov 20266:17 PM
Tue, Nov 24, 2026Updated 6:17 PM IST
होम › उत्तर प्रदेश

हमीरपुर: सिर कटी महिला की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, सात माह के गर्भस्थ शिशु की भी हुई मौत; पहचान अब भी रहस्य

WhatsAppFacebookX

हमीरपुर: सिर कटी महिला की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, सात माह के गर्भस्थ शिशु की भी हुई मौत; पहचान अब भी रहस्य

राठ (हमीरपुर)। मझगवां थाना क्षेत्र के गिरवर जंगल में मिले सिर कटी महिला के शव के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मृतका सात माह की गर्भवती थी। हत्यारों ने महिला की बेरहमी से हत्या कर दी और उसके गर्भ में पल रहे शिशु की भी मौत हो गई। हालांकि, महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, बीते गुरुवार 19 नवंबर की रात गिरवर के जंगल में महिला का सिर कटा शव बरामद हुआ था। उसका सिर धड़ से करीब 250 मीटर दूर मिला था। हत्यारों ने पहचान मिटाने के लिए महिला के सिर के बाल काटकर जला दिए थे। उसकी साड़ी भी जलाई गई थी।

सोमवार को मझगवां पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम हमीरपुर में कराया। डॉ. अमित कुमार और डॉ. लालमणि के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच करीब एक घंटे तक पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में महिला के सात माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई है।

वहीं, दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए जांच के लिए स्लाइड तैयार की गई है। महिला की डीएनए जांच के लिए सीने की हड्डी, बाल और नाखून के नमूने भी लिए गए हैं। पोस्टमार्टम में महिला की हत्या करीब एक सप्ताह पहले किए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस ने महिला की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में उसकी तस्वीरें प्रसारित की थीं, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। मझगवां थानाध्यक्ष राकेश मौर्य ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद महिला के शव और भ्रूण का अंतिम संस्कार करा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

महिला की पहचान, हत्या की वजह और हत्यारों तक पहुंचना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

रिपोर्टर: निज़ाम ख़ान
वंदे भारत न्यूज़ | हमीरपुर