हमीरपुर: ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से पलटा ई-रिक्शा, कोचिंग जा रहे दो छात्र घायल

हमीरपुर: ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से पलटा ई-रिक्शा, कोचिंग जा रहे दो छात्र घायल
मौदहा (हमीरपुर)। जिले के मौदहा क्षेत्र में सड़क हादसे में दो छात्र घायल हो गए। अरतरा-मौदहा मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने छात्रों से भरे ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरतरा गांव के छह छात्र शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे ई-रिक्शा से कोचिंग पढ़ने के लिए मौदहा जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी।
हादसे में दो छात्र घायल
इस दुर्घटना में प्रशांत (17) पुत्र वरदानी लाल और विपिन (17) पुत्र संतोष घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में ली
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: निज़ाम खान उर्फ निजामुद्दीन खान
वन्दे भारत न्यूज हमीरपुर 🎤 🎤

