Tue, 13 Oct 202612:34 PM
Tue, Oct 13, 2026Updated 12:34 PM IST
होम › टॉप न्यूज़

हरिद्वार कुंभ-2027 के लोगो, वेबसाइट और गीत का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

WhatsAppFacebookX

हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में कुंभ के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जनआस्था का विराट उत्सव है। राज्य सरकार कुंभ-2027 के दिव्य एवं भव्य आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
कुंभ के आधिकारिक लोगो में मां गंगा, हर की पैड़ी, धनुष पुल, सूर्योदय, शिव प्रतिमा, साधु-संतों, त्रिशूल, डमरू तथा मां मनसा देवी और मां चंडी देवी की पहाड़ियों को दर्शाया गया है। मेला प्रशासन की ओर से आमंत्रित सैकड़ों प्रविष्टियों में से विकास कॉलोनी, जगजीतपुर निवासी मधु शर्मा के डिजाइन को सर्वश्रेष्ठ चुना गया। वहीं, कुंभ की आधिकारिक वेबसाइट https://haridwarkumbh.uk.gov.in के माध्यम से श्रद्धालुओं को आयोजन से संबंधित प्रामाणिक जानकारियां उपलब्ध होंगी। कुंभ के आधिकारिक गीत ‘कुंभ का पर्व आ गया’ की रचना, गायन और संगीत हरिद्वार निवासी गायक राघव राजा ने किया है। गीत के जरिए कुंभ के आगमन, साधु-संतों के उत्साह और श्रद्धालुओं की आस्था को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।