Tue, 13 Oct 202612:35 PM
Tue, Oct 13, 2026Updated 12:35 PM IST
होम › टॉप न्यूज़

हरिद्वार में एमएसएमई उद्यमियों से मिले उद्योग मंत्री, स्कूली बच्चों के नवाचारों की सराहना

WhatsAppFacebookX

News video GIF

देवेंद्र शर्मा
हरिद्वार

हरिद्वार, जिला उद्योग केंद्र के तत्वावधान में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के अंतर्गत सिडकुल स्थित प्योर एंड केयर हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड में एमएसएमई इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम्य विकास एवं एमएसएमई मंत्री भरत सिंह चौधरी ने उद्यमियों, औद्योगिक संगठनों और विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने स्टार्टअप और नवाचार आधारित विचार प्रस्तुत किए, जिनकी मंत्री और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में सफल उद्यम स्थापित कर रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में क्लाउड किचन, मशरूम उत्पादन, मुर्गी पालन, सॉफ्ट टॉय और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों में कार्य कर रहे स्थानीय उद्यमियों ने अपने अनुभव और स्वरोजगार के माध्यम से रोजगार सृजन के प्रयास साझा किए। वहीं, लघु उद्योग भारती, सिडकुल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन, रुड़की स्मॉल स्केल इंडस्ट्रियल एसोसिएशन सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने जलापूर्ति, सड़क, बिजली, एमएसएमई नीति-2023 के तहत सब्सिडी एवं प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने में आ रही कठिनाइयों और भूमि क्रय से जुड़े लंबित मामलों को मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री भरत सिंह चौधरी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए नियमानुसार आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया।