Thu, 15 Oct 20261:19 PM
Thu, Oct 15, 2026Updated 1:19 PM IST
होम › टॉप न्यूज़

हरिद्वार में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, फील्ड ट्रेनर्स को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया

WhatsAppFacebookX

News video GIF

हरिद्वार, उत्तराखंड। आगामी जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियों के तहत हरिद्वार में 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया गया। विकास भवन सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी देकर जमीनी स्तर पर कार्य के लिए तैयार करना था।

प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले फील्ड ट्रेनर्स आगे प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। जनसंख्या गणना का कार्य नवंबर 2026 से प्रस्तावित है। इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी। प्रगणक और पर्यवेक्षक मोबाइल फोन के जरिए आंकड़े एकत्र करेंगे, जबकि कार्य की निगरानी के लिए CMMS पोर्टल का उपयोग किया जाएगा।

जनगणना की शुद्धता और पारदर्शिता पर जोर

14 अक्टूबर को आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय की निदेशक एवं मुख्य प्रमुख जनगणना अधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, नीतियों और भविष्य की आवश्यकताओं के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए इस कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता, पारदर्शिता और तत्परता के साथ निभानी चाहिए।

उन्होंने डिजिटल प्रक्रिया के मद्देनजर आंकड़ों की शुद्धता, समयबद्ध संकलन और निर्धारित दिशा-निर्देशों के पालन को आवश्यक बताया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं और प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को पर्याप्त प्रशिक्षण तथा तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

मुख्य प्रमुख जनगणना अधिकारी ने नियमित निगरानी और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने की तैयारी

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने आश्वस्त किया कि प्रशिक्षण के दौरान दिए गए दिशा-निर्देशों का संबंधित अधिकारियों के माध्यम से गंभीरता से पालन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद में जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने प्रशिक्षण, जमीनी स्तर पर कार्य संचालन और निगरानी से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही, ताकि जनगणना का कार्य निर्धारित समयसीमा में सटीकता और पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके।

अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायतीराज अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर मोहम्मद मुस्तफा खान, अपर सांख्यिकी अधिकारी एवं जनगणना प्रभारी उत्तम सिंह, अपर सांख्यिकी अधिकारी मीना नेगी, सांख्यिकी अन्वेषक ग्रेड-2 अमीर आलम, नीरज कुमार और शिवम कुमार सहित जनगणना कार्य निदेशालय, देहरादून के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।