इंदौर में दशहरे पर होगा ‘नशासुर’ का दहन, नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देगी संस्था सूर्यमंच


दशहरे पर जहां रावण दहन की परंपरा निभाई जाती है, वहीं इंदौर में इस बार नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देने के लिए ‘नशासुर’ का पुतला दहन किया जाएगा। संस्था ‘सूर्यमंच’ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को एमडी ड्रग्स सहित अन्य नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना है।
श्री कृष्ण टॉकीज के सामने होगा पुतला दहन
संस्था की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, दशहरे की रात 8 बजे श्री कृष्ण टॉकीज के सामने ‘नशासुर’ के पुतले का दहन किया जाएगा। संस्था के संयोजक सन्नी पठारे का कहना है कि नशे की बढ़ती समस्या युवाओं के भविष्य और समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इस पहल के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और युवाओं को नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित करने का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम में शामिल होंगे अतिथि
आयोजकों के मुताबिक, पुतला दहन कार्यक्रम पूर्व राज्य मंत्री महामंडलेश्वर राधे-राधे बाबाजी की ओर से संपन्न कराया जाएगा। पूर्व कैबिनेट मंत्री सज्जन सिंह वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम का फेसबुक लाइव प्रसारण भी संस्था के आधिकारिक पेज पर किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस संदेश से जुड़ सकें।
संस्था सूर्यमंच की इस पहल के जरिए दशहरे पर बुराई के प्रतीकात्मक अंत के साथ नशे जैसी सामाजिक समस्या के खिलाफ जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाएगा।
निर्मल रोकड़े की रिपोर्ट, इंदौर, मध्य प्रदेश।

