इंद्रनील नाईक के प्रयासों को मिली सफलता; पुसद में मृदा एवं जल संरक्षण विभाग का स्वतंत्र कार्यालय मंजूर शासन का बड़ा निर्णय; 5 नवंबर 2026 को जारी हुआ सरकारी आदेश, किसानों और नागरिक

इंद्रनील नाईक के प्रयासों को मिली सफलता; पुसद में मृदा एवं जल संरक्षण विभाग का स्वतंत्र कार्यालय मंजूर
शासन का बड़ा निर्णय; 5 नवंबर 2026 को जारी हुआ सरकारी आदेश, किसानों और नागरिकों को मिलेगी राहत
पुसद | शेख महेबूब जिला ब्यूरो चीफ
पुसद तहसील में मृदा एवं जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को अधिक गति देने के उद्देश्य से स्वतंत्र उपविभागीय कार्यालय शुरू करने की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। मृदा एवं जल संरक्षण विभाग के राज्यमंत्री इंद्रनील नाईक के निरंतर प्रयासों और प्रभावी पहल के चलते पुसद में मृदा एवं जल संरक्षण विभाग का नया उपविभागीय कार्यालय शुरू करने को महायुति सरकार ने मंजूरी प्रदान की है। इस संबंध में 5 नवंबर 2026 को शासनादेश जारी किया गया।
पुसद तहसील में मृदा एवं जल संरक्षण से संबंधित विभिन्न कार्यों का बढ़ता दायरा देखते हुए लंबे समय से स्वतंत्र कार्यालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। सरकार के इस निर्णय से जल संरक्षण, मृदा संवर्धन, सिंचाई तथा कृषि से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का नियोजन और क्रियान्वयन अब स्थानीय स्तर पर अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
वर्तमान में तहसील में सूखे जैसी स्थिति को देखते हुए इस कार्यालय का विशेष महत्व है। जलस्रोतों का संरक्षण, पानी का उचित नियोजन और मृदा संवर्धन के कार्यों को स्थानीय स्तर पर गति मिलेगी। साथ ही किसानों और आम नागरिकों को प्रशासनिक कार्यों के लिए होने वाली भागदौड़ से भी राहत मिलेगी।
पुसद तहसील की दीर्घकालीन जल सुरक्षा की दृष्टि से सरकार का यह निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्वतंत्र उपविभागीय कार्यालय शुरू होने से मृदा एवं जल संरक्षण के कार्यों को नई मजबूती मिलेगी तथा सूखे की समस्या से निपटने के प्रयासों को भी गति प्राप्त होगी। इस निर्णय से किसानों और नागरिकों में संतोष व्यक्त किया जा रहा है।

