IPL 2026 Captaincy Pressure; Hardik Pant Rahane Performance

18 Min Read


IPL का ये सीजन कई कप्तानों के लिए अच्छा नहीं गुजरा। पहले हार्दिक पांड्या और ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी खत्म होने की खबरें आईं, फिर ऋषभ पंत का इस्तीफा आ गया…लिस्ट में और भी कई नाम शामिल हैं।

.

आखिर इन कप्तानों के साथ ऐसा क्यों हुआ, परफॉरमेंस आड़े आई या टीमों को नए चेहरों की तलाश, जानेंगे आज के एक्सप्लेनर में…

ऋषभ पंत: 27 करोड़ में बिके, LSG आखिरी पायदान पर, दिया इस्तीफा

IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स, यानी LSG पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर रही। 30 मई को LSG ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि फ्रेंचाइजी ने ऋषभ के कप्तानी छोड़ने के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है।

LSG के क्रिकेट डायरेक्टर टॉम मूडी के मुताबिक, ‘पंत ने खुद कप्तानी से हटने की इच्छा जताई थी और फ्रेंचाइजी ने उनके फैसले को सम्मानपूर्वक स्वीकार कर लिया। ऐसा फैसला लेना कभी आसान नहीं होता।’

लखनऊ सुपरजाइंट्स ने X पर फोटो ये फोटो शेयर करते हुए ऋषभ पंत के कप्तानी छोड़ने की जानकारी दी। फोटो - X

लखनऊ सुपरजाइंट्स ने X पर फोटो ये फोटो शेयर करते हुए ऋषभ पंत के कप्तानी छोड़ने की जानकारी दी। फोटो – X

पंत के इस्तीफा देने के पीछे 3 बड़े फैक्टर हो सकते हैं…

1. टीम का खराब प्रदर्शन, पंत प्रेशर मैनेज नहीं कर पाए

  • ऋषभ के 2025 में LSG से जुड़ने से पहले केएल राहुल कप्तान थे। 2 सीजन में पंत की कप्तानी में LSG 10 मैच जीती और 18 हारी। 2025 में 7वें नंबर के मुकाबले टीम 2026 में आखिरी पायदान पर पहुंच गई।
  • 2026 में LSG 14 मैचों में सिर्फ 4 जीती। टॉम मूडी ने कहा, ‘तीन सालों में फ्रेंचाइजी दो बार 7वें और इस बार 10वें नंबर पर रही है। हमें चीजों पर सोचना होगा।’
  • टीम का बल्लेबाजी ऑर्डर संघर्ष करता दिखा। पंत गेंदबाजी और फील्ड प्लेसमेंट में भी बार-बार गलतियां कर रहे थे। आकाश चोपड़ा ने CSK के खिलाफ मैच के बाद कहा कि रवि बिश्नोई ने 3 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 2 विकेट लिए, लेकिन पंत ने उन्हें चौथा ओवर नहीं दिया, जिसके चलते LSG वो मैच हार गई।
  • खेल पत्रकार निखिल नाज के मुताबिक, ‘पूरे सीजन में ऋषभ के इस्तीफे के संकेत मिल रहे थे। उन्होंने बार-बार निराशा जताई कि फैसले लेने में कई लोगों के शामिल होने के चलते चुनौतियां हैं। ऋषभ को महसूस होने लगा था कि उनके पास टीम के लिए स्ट्रैटेजी बनाने की गुंजाइश लिमिटेड है।’
  • मैनेजमेंट ने टीम की परफॉरमेंस का जिम्मेदार पंत को ठहराया। टॉम मूडी ने कहा, ‘बतौर कप्तान पंत के लिए सीजन मुश्किल रहा। नतीजे भी यही दिखाते हैं। ये दबाव उनकी बल्लेबाजी में भी दिख रहा है।’

2. IPL के सबसे महंगे खिलाड़ी, लेकिन परफॉरमेंस उम्मीद से कम

  • IPL 2025 में पंत ने 133.16 के स्ट्राइक रेट से 14 मैचों में सिर्फ 269 रन बनाए। खराब परफॉरमेंस के बावजूद LSG ने ऋषभ की कप्तानी बरकरार रखी। 27 करोड़ रुपए में बिककर पंत IPL इतिहास में सबसे महंगे खिलाड़ी बने।
  • ऑक्शन के बाद फ्रेंचाइजी मालिक संजीव गोयनका ने कहा, ‘मैं भारतीय टीम के किसी मैच विनर को खरीदना चाहता था। ऑक्शन में आप युवा और ऐसा खिलाड़ी चाहते हैं, जो एक्स फैक्टर लेकर आए। ऋषभ में ये दोनों काबिलियत हैं।’
  • इस सीजन ऋषभ की परफॉरमेंस कुछ बेहतर हुई, लेकिन अहम मौकों पर वो बड़ा स्कोर करने में नाकाम रहे। उन्होंने 14 पारियों में 138.05 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 312 रन बनाए।
  • LSG के एक ऑफिसर के मुताबिक, ‘पंत के लिए कप्तानी और बल्लेबाजी में संतुलन न होने का फर्क उनकी बल्लेबाजी पर पड़ा।
  • टॉम मूडी ने कहा, ‘ऋषभ ने महसूस किया है कि अब कप्तानी से आगे बढ़ने और खिलाड़ी के बतौर फोकस करने का वक्त है। पिछले दो साल उनके लिए मुश्किल रहे हैं।’

3. LSG के मालिक संजीव से अनबन की खबर

  • 1 अप्रैल को दिल्ली और लखनऊ के मैच के बाद संजीव और ऋषभ के बीच बहस की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं।
  • ये तस्वीरें 2024 में केएल राहुल और संजीव के बीच हुई बहस की ही तरह थीं। 2 अप्रैल को LSG ने संजीव और ऋषभ का गले लगते हुए एक वीडियो जारी किया और कहा, ‘हर कहानी जो आप देखते हैं वो सच नहीं होती।’
  • IPL के पूर्व चेयरमैन और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों के चलते देश से बाहर रह रहे ललित मोदी ने कहा कि LSG के मालिक ने ऐसे हालात बना दिए कि ऋषभ को इस्तीफा देना पड़ गया।
  • ललित मोदी ने X पर लिखा, ‘संजीव गोयनका ऋषभ को 10-15 साल तक टीम में रखने वाले थे, लेकिन ये खिलाड़ी इस मालिक की टीम में नहीं रह पाया, क्योंकि उसे सबके सामने बेइज्जती झेलनी पड़ी।’
1 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपरजाइंट्स को 6 विकेट से हराया। मैच के बाद LSG के मालिक संजीव गोयनका और ऋषभ पंत के बीच बहस की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं थी।

1 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपरजाइंट्स को 6 विकेट से हराया। मैच के बाद LSG के मालिक संजीव गोयनका और ऋषभ पंत के बीच बहस की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं थी।

हार्दिक पांड्या: कोचों की बात नहीं मानी, मुंबई इंडियंस 9वें पायदान पर रही

28 मई को इंडियन एक्सप्रेस ने रिपोर्ट किया कि मुंबई इंडियंस, यानी MI के कप्तान के बतौर हार्दिक पांड्या का टेन्योर खत्म होने वाला है। टीम में बड़े बदलाव होने जा रहे हैं। इसकी शुरुआत कप्तान से होगी।

अखबार ने टीम से जुड़े 3 सोर्सेज के हवाले से बताया, ‘टीम का मैनेजमेंट हार्दिक को आगे कप्तान बनाए रखना नहीं चाहता। आने वाले दिनों में इंट्रोस्पेक्शन होगा। कई सवालों के जवाब देने होंगे। उसके बाद तय होगा कि क्या हार्दिक कप्तान बने रहेंगे या सिर्फ प्लेयर की तरह टीम में रहेंगे?’

हार्दिक की कप्तानी जाने के पीछे 3 बड़े फैक्टर हो सकते हैं..

1. MI की खराब परफॉरमेंस, सीनियर खिलाड़ी भी नाकाम रहे

  • 2020 के बाद से MI लगातार छठी बार IPL खिताब से दूर रह गई। हार्दिक की कप्तानी में इस सीजन भी टीम 14 में से 10 मैच हारी और पॉइंट्स टेबल में 9वें नंबर पर रही।
  • MI के ऑलराउंडर हार्दिक और बाकी बड़े प्लेयर अच्छा खेल नहीं दिखा पाए। टीम का कोई खिलाड़ी ऑरेंज या पर्पल कैप की दौड़ में नहीं था।
  • जसप्रीत बुमराह 13 मैचों में सिर्फ 4 विकेट ले पाए। जबकि IPL से पहले T20 वर्ल्ड कप में उन्होंने 8 मैचों में 14 विकेट लिए थे।
  • सूर्यकुमार यादव ने भी 13 मैचों में सिर्फ 270 रन बनाए। वहीं MI के टॉप बैटर रयान रिकल्टन टॉप स्कोरर्स की लिस्ट में 17वें पायदान पर हैं। लेग-स्पिनर अल्लाह गजनफर भी उम्मीद के उलट विकेट-टेकर की लिस्ट में 14वें रहे।

2. मिडिल-ऑर्डर में हार्दिक का परफॉरमेंस अच्छा नहीं रहा

  • सीजन के 10 मैचों में 20.85 के एवरेज से हार्दिक ने सिर्फ 206 रन बनाए। एक पारी में हार्दिक मैक्सिमम सिर्फ 40 रन बना पाए।
  • हार्दिक ने 9 पारियों में गेंदबाजी की। इनमें 22.4 के औसत से 259 रन दिए और सिर्फ 4 विकेट लिए। इकॉनमी 11.43 रही।

3. कोचों से अंदरूनी विवाद

  • हार्दिक को हटाने की चर्चा तब शुरू हुई, जब राजस्थान के खिलाफ मुंबई के आखिरी मैच के बाद MI के कोचिंग स्टाफ ने टीम से बात की।
  • एक सोर्स ने बताया, ‘कोचिंग स्टाफ ने सीनियर खिलाड़ियों को साफ मैसेज दिया था, कि वो चाहे जहां भी खेलें, उन्हें कोचों की बात माननी होगी। ऐसे कई उदाहरण थे, जहां कोचिंग स्टाफ ने आंकड़ों के आधार पर अपने सुझाव दिए, लेकिन खिलाड़ियों ने वो सुझाव नहीं माने।’
  • वहीं MI से हार्दिक का रिश्ता पहले भी मुश्किलों भरा रहा है। 2020 तक रोहित की कप्तानी में MI ने 5 बार टूर्नामेंट जीता था। 2022 में MI ने हार्दिक को रिलीज किया, तो वो गुजरात में बतौर कप्तान शामिल हुए और उसे IPL भी जिताया। अगले सीजन में भी गुजरात फाइनल तक पहुंची।
  • 2024 में रोहित शर्मा की जगह पांड्या MI में वापस आए, तो MI लिस्ट में सबसे नीचे रही। हार्दिक को वानखेड़े स्टेडियम में दर्शकों की हूटिंग तक झेलनी पड़ी। 2025 में MI चौथे नंबर तक पहुंची। लेकिन इस बार फिर MI 9वें नंबर पर पहुंच गई।
IPL 2026 में हार्दिक पंड्या बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। उनका स्ट्राइक रेट गिरकर 138.25 पर आ गया, जो पिछले सीजन में 163.50 था। फोटो - फाइल

IPL 2026 में हार्दिक पंड्या बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। उनका स्ट्राइक रेट गिरकर 138.25 पर आ गया, जो पिछले सीजन में 163.50 था। फोटो – फाइल

ऋतुराज गायकवाड़: 3 सीजन से कप्तान, CSK 8वें पायदान पर रही

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी ने 19 मई को क्रिकबज से कहा, ‘IPL 2027 में ऋतुराज ही चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान होंगे, ये कहा नहीं जा सकता।

CSK के लिए खेल चुके ऑफ-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी मौजूदा सीजन में गायकवाड़ की परफॉर्मेंस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, ‘कप्तानी के प्रेशर के चलते वे बल्लेबाजी में भी कुछ खास नहीं कर पा रहे हैं।’

ऋतुराज की कप्तानी जाने के 3 बड़े फैक्टर हो सकते हैं…

1. CSK की कमजोर परफॉर्मेंस, गायकवाड़ प्लेयर्स को मैनेज नहीं कर पाए

  • गायकवाड़ की कप्तानी में CSK ने इस साल 14 मैचों में 6 ही जीते और 8वें नंबर पर फिनिश किया।
  • संजू सैमसन के अलावा आयुष म्हात्रे, कार्तिक शर्मा और सरफराज खान खास कमाल नहीं दिखा पाए। डेवॉल्ड ब्रेविस 11 पारियों में 151 रन ही बना सके। धोनी भी चोट के चलते ज्यादातर मैचों से बाहर रहे।
  • गायकवाड़ सीजन के ज्यादातर मैचों में गेंदबाजों को मैनेज नहीं कर पाए। टीम ने लेफ्ट आर्म स्पिनर प्रशांत वीर को 14 करोड़ रुपए में खरीदा था, लेकिन उन्हें सही समय पर ज्यादा मौके नहीं मिले।
  • गेंदबाजों में सिर्फ अंशुल कंबोज ने 21 विकेट लिए। उनके अलावा मैट हैनरी, राहुल चाहर और नूर अहमद ज्यादातर फेल रहे।

2. ओपनर के तौर पर ऋतुरात का प्रदर्शन खराब रहा

  • गायकवाड़ ने 14 मैचों में सिर्फ 337 रन बनाए। वे पहली 6 पारियों में एक बार भी 30 से ज्यादा रन नहीं बना पाए।
  • रविचन्द्रन अश्विन ने कहा, ‘कप्तानी का प्रेशर गायकवाड़ से गलतियां करवा रहा है और वे बार-बार खराब शॉट खेलकर आउट हो रहे हैं।

3. तीन सीजन से कप्तान, एक बार भी प्लेऑफ तक नहीं ले जा पाए

  • ऋतुराज 2024 में CSK के कप्तान बने थे। उनकी 3 साल की कप्तानी में चेन्नई एक बार भी प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई।
  • गायकवाड़ से पहले धोनी के कप्तान रहते टीम 14 सीजन्स में 10 बार फाइनल खेली और 5 खिताब जीते।
  • CSK के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने एक प्रेस कॉन्फ्रेस में कहा, ‘कप्तान के तौर पर गायकवाड़ को अभी काफी कुछ सीखना बाकी है।’
IPL 2026 में गायकवाड़ का स्ट्राइक रेट सिर्फ 120.68 रहा। पावरप्ले में उनकी स्लो-बैटिंग की आलोचना भी हुई। फोटो - फाइल

IPL 2026 में गायकवाड़ का स्ट्राइक रेट सिर्फ 120.68 रहा। पावरप्ले में उनकी स्लो-बैटिंग की आलोचना भी हुई। फोटो – फाइल

अजिंक्य रहाणे: KKR दूसरी बार प्लेऑफ तक नहीं पहुंची, 7वें पायदान पर फिनिश

15 मई 2026 को आउटलुक इंडिया मैगजीन ने सोर्सेज के हवाले से तीन IPL कप्तानों के नाम दिए, जिनसे कप्तानी छीनी जा सकती है। इस रिपोर्ट में ऋतुराज गायकवाड़, अक्षर पटेल और अजिंक्य रहाणे का नाम था।

आउटलुक के मुताबिक, ‘रहाणे को KKR की कप्तानी मिलना ‘फोर्स्ड कॉल’ यानी मजबूरी में लिया फैसला था, क्योंकि टीम के पास कोई दूसरा ऑप्शन नहीं था।’

KKR ने 2024 में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में 10 साल के इंतजार के बाद IPL खिताब जीता। हालांकि, 2025 में अय्यर पंजाब किंग्स में शामिल हो गए थे।

3 फैक्टर जिनके चलते रहाणे की कप्तानी छिन सकती है…

1. KKR का निराशाजनक सीजन, लगातार दूसरी बार प्लेऑफ से बाहर

  • KKR ने इस सीजन में 14 में से 6 मैच जीते और 7 हारे। टीम पॉइंट्स टेबल में 7वें पायदान पर रही।
  • रहाणे की कप्तानी में KKR दूसरी बार प्लेऑफ तक नहीं पहुंच पाई। 2025 में भी टीम 8वें नंबर पर रही थी।

2. एज फैक्टर और इंटरनेशनल क्रिकेट से दूरी

  • रहाणे 37 साल के हो चुके हैं। उन्होंने आखिरी इंटरनेशनल मैच जुलाई 2023 में वेस्ट इंडीज के खिलाफ खेला था। ये टेस्ट मैच था।
  • IPL 2026 के शुरू होने से पहले ही रहाणे को कप्तानी से हटाए जाने की चर्चा थी। कहा जा रहा था कि उन्हें सीजन के बीच में भी हटाया जा सकता है।

3. स्लो-बैटिंग और स्ट्राइक रेट पर सवाल

  • रहाणे ने 14 मैचों में 335 रन बनाए। हालांकि, ये रन उन्होंने सिर्फ 135.08 के स्ट्राइक रेट से बनाए और उनका एवरेज स्कोर 25.76 रहा।
  • अंगकृष रघुवंशी और रहाणे की ओपनिंग जोड़ी ने 11 मैचों में सिर्फ 25 छक्के लगाए। यानी हर मैच में औसतन 2 छक्के, जो कि पावरप्ले में तेज शुरुआत देने के लिए काफी नहीं माने जाते।

इन 4 कप्तानों के अलावा दिल्ली कैपिटल्स (DC) के कप्तान अक्षर पटेल की कप्तानी पर भी सवाल हैं। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, ‘अक्षर बतौर कप्तान पूरी तरह नाकाम रहे। फैसले लेने के लिए वे ज्यादातर कोच हेमांग बदानी और वेणुगोपाल राव पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में अगर अगले साल उनकी कप्तानी बरकरार रहना एक चमत्कार ही होगा।’

सवाल-1: इन टीमों के नए कप्तान कौन हो सकते हैं?

जवाब: 5 टीमों के नए कप्तान के लिए सबसे बड़े दावेदार हैं…

LSG : मिशेल मार्श

ESPN के मुताबिक LSG अगले कप्तान की दौड़ में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मिचेल मार्श का नाम सबसे आगे है, मार्श पिछले दो सीजन से टीम के टॉप स्कोरर भी रहे हैं। इसके अलावा भारतीय युवा खिलाड़ी आयुष बडोनी के नाम की भी चर्चा है।

MI: तिलक वर्मा

MI के पास जसप्रीत बुमराह और सूर्यकुमार यादव का विकल्प है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, मैनेजमेंट युवा बैटर तिलक वर्मा पर दांव खेल सकता है।

CSK: संजू सैमसन

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी के मुताबिक, ‘CSK IPL 2027 के लिए संजू सैमसन को चुनेगी। उनके पास RR की कप्तानी का अनुभव है और वे ऋतुराज से बेहतर फॉर्म में हैं।’

KKR: रिंकू सिंह

क्रिकट्रैकर की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘KKR मैनेजमेंट 2027 में टीम की कप्तानी रिंकू सिंह को सौंप सकता है। टीम के CEO वेंकी मैसूर ने IPL 2026 से पहले उन्हें वाइस-कैप्टन बनाकर इसका संकेत दे दिया था।’

DC: ट्रिस्टन स्टब्स

DC के पास मौजूदा वाइस-कैप्टन केएल राहुल का विकल्प है। हालांकि, जब वे पहले ही कप्तान बनने से मना कर चुके हैं। IPL 2026 में अक्षर की गैर-मौजूदगी में डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स ने कप्तानी संभाली। स्टब्स युवा हैं, टीम उन्हें कप्तान बना सकती है। *****

रिसर्च सहयोग – प्रथमेश व्यास ———————————————————–

IPL से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…

IPL 2026 ने दिए भारत को 10 फ्यूचर स्टार्स:सूर्यवंशी ने 776 रन बनाए, प्रिंस ने कोहली को बोल्ड किया; रसिख खेलेंगे फाइनल

IPL का फाइनल आज अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। इस सीजन में कई अनकैप्ड खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से टीमों की जीत में अहम भूमिका निभाई। वैभव सूर्यवंशी, प्रिंस यादव, प्रफुल हिंगे और आयुष म्हात्रे जैसे युवा सितारे चर्चा में रहे। स्टोरी में ऐसे ही 10 अनकैप्ड भारतीय प्लेयर्स, जो आने वाले समय में टीम इंडिया के लिए डेब्यू कर सकते हैं। पढ़ें पूरी खबर…



Source link

Share This Article
Leave a Comment