जैकेट दिलाने निकले पिता और दो बच्चों की सड़क हादसे में मौत, तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर

एटा। जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। बच्चों के लिए जैकेट खरीदने निकले पिता और उनके दो मासूम बच्चों की सड़क दुर्घटना में जान चली गई। पीछे से तेज रफ्तार में आई पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ को तोड़ते हुए खाई में जा गिरी।
जानकारी के मुताबिक, कठौली गांव निवासी तेजवीर (30) राजमिस्त्री का काम करते थे। परिवार में पत्नी तारा के अलावा तीन बेटियां गुंजन (10), गीता (5) और 9 महीने की एक बच्ची है। उनका तीन साल का बेटा युवराज भी था। शुक्रवार को तेजवीर की चचेरी बहन की गोद भराई का कार्यक्रम होना था। इसी सिलसिले में वह गुरुवार को बच्चों के लिए जैकेट खरीदने बाइक से निकले थे। उनके साथ बेटी गीता और बेटा युवराज भी मौजूद थे।
हादसा कोतवाली देहात क्षेत्र में उलायतपुर गांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेजवीर बाइक से वाहनपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तेजवीर उछलकर सड़क पर गिर पड़े। वहीं दोनों बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तीनों को तत्काल वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पिता और दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।
एक ही हादसे में पिता और दो बच्चों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

