Tue, 13 Oct 20265:50 PM
Tue, Oct 13, 2026Updated 5:50 PM IST
होम › राजस्थान

जालोर में आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर कार्यशाला, मॉक ड्रिल से विद्यार्थियों ने सीखे बचाव के तरीके

WhatsAppFacebookX

News video GIF

अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर केशवना स्थित आस्था अकादमी में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। मेरा युवा भारत (माय भारत) जालोर की ओर से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों और ग्रामीणों को भूकंप, बाढ़ और आगजनी जैसी आपदाओं से बचाव के उपाय बताए गए।

कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि रवि प्रजापत ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा अधिकारी हितेश कुमार के निर्देशन में किया गया।

आपदा के समय धैर्य और सतर्कता जरूरी

कार्यक्रम संयोजक एवं राष्ट्रीय युवा कोर के प्रवीण कुमार मेघवाल ने बताया कि इस वर्ष का संदेश “लचीलापन घर से ही शुरू होता है” है। कार्यशाला में प्रतिभागियों को आपातकालीन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने, सुरक्षित स्थान पर पहुंचने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने के बारे में जानकारी दी गई।

अग्निशमन यंत्र चलाने का दिया प्रशिक्षण

मुख्य अतिथि रवि प्रजापत ने अग्निशमन यंत्र के उपयोग का प्रदर्शन किया। उन्होंने गैस, तेल और बिजली से लगने वाली आग से बचाव के तरीकों की जानकारी दी। प्रतिभागियों को समझाया गया कि आग लगने जैसी स्थिति में सावधानी बरतना और उपलब्ध सुरक्षा संसाधनों का सही उपयोग करना कितना महत्वपूर्ण है।

मॉक अभ्यास में सीखी घायल व्यक्ति की मदद करने की तकनीक

कार्यशाला के दौरान मॉक अभ्यास भी कराया गया। इसमें घायल व्यक्ति को मानव बैसाखी तकनीक की मदद से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने, प्राथमिक उपचार देने और उपलब्ध संसाधनों का उचित इस्तेमाल करने का प्रशिक्षण दिया गया।

विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने अभ्यास में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य लोगों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक बनाना और संकट के समय जान-माल की सुरक्षा के लिए तैयार करना रहा।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में प्रवीण कुमार मेघवाल, रवि प्रजापत, आस्था अकादमी के प्रधानाचार्य कुलदीप कंसारा, वेणुगोपाल वैष्णव, अशोक कुमार, सुरेश जीनगर, राधा सुथार सहित विद्यार्थी और ग्रामीण मौजूद रहे।