जिला बस्तर परिवारों की मदद को आगे आये एनएमडीसी और सांसद महोदय


जिला बस्तर परिवारों की मदद को आगे आये एनएमडीसी और सांसद महोदय
_कुरुषपाल, कोहकापाल, मालगांव, बाड़ धनौरा और बड़े चकवा समेत कई ग्राम पंचायतों में सीएसआर के तहत तिरपाल शीट्स का वितरण_
पहले से बाढ़ की मार झेल रहे बस्तर के ग्रामीणों के लिए चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से हुई बारिश ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। ऐसे कठिन समय में एनएमडीसी लिमिटेड ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हाथ आगे बढ़ाया है। कंपनी ने निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत कुरुषपाल, कोहकापाल, मालगांव, बाड़ धनौरा और बड़े चकवा समेत कई ग्राम पंचायतों में प्रभावित परिवारों को बारिश से बचाव के लिए जरूवत मंदो को तिरपाल शीट्स वितरित कीं।
गुरुवार को ग्राम पंचायत बड़े चकवा में आयोजित कार्यक्रम में बस्तर के माननीय सांसद श्री महेश कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने अपने कर-कमलों से प्रभावित ग्रामीणों को तिरपाल शीट्स प्रदान की।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री मनीराम कश्यप, जनपद सदस्य श्री रमेश कश्यप, बड़े चकवा की सरपंच श्रीमती जनक कश्यप, बोदरा के सरपंच श्री कचरू कश्यप, श्री रामधर ठाकुर, श्री महाजन बघेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
इससे पहले बुधवार को बकावंड ब्लॉक के ग्राम कुरुषपाल स्थित शासकीय विद्यालय परिसर में भी राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर के विकास में एनएमडीसी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कंपनी द्वारा सीएसआर के तहत किए जा रहे कार्यों से क्षेत्र के लोगों को व्यापक लाभ मिला है। उन्होंने बाढ़ के दौरान एनएमडीसी द्वारा त्वरित पहल करते हुए चार मोटर बोट उपलब्ध कराने का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे प्रभावित ग्रामीणों को तत्काल राहत पहुंचाने में मदद मिली। इसके लिए उन्होंने कंपनी के सीएमडी श्री अमिताभ मुखर्जी का खासतौर पर आभार जताया।
इस दौरान एनएमडीसी स्टील लिमिटेड के अधिशासी निदेशक श्री प्रमोद कुमार ने कहा कि कंपनी स्थानीय लोगों के हितों और कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
एनएमडीसी की ओर से महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री एस. बाबजी ने बस्तर क्षेत्र में कंपनी द्वारा संचालित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि एनएमडीसी अपने परिचालन क्षेत्रों एवं आसपास के समुदायों के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कोहकापाल की सरपंच श्रीमती अंबाली बघेल एवं ग्राम पंचायत गुमडेल की सरपंच श्रीमती शर्मिला कश्यप भी उपस्थित थीं।

