Tue, 24 Nov 20266:17 PM
Tue, Nov 24, 2026Updated 6:17 PM IST
होम › महाराष्ट्र

जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के सर्वांगीण विकास के लिए मुख्यमंत्री फडणवीस का पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन! बैंक की समस्याओं के स्थायी समाधान और किसानों को न्याय दिलाने के लिए सांसद

WhatsAppFacebookX

जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के सर्वांगीण विकास के लिए मुख्यमंत्री फडणवीस का पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन!

बैंक की समस्याओं के स्थायी समाधान और किसानों को न्याय दिलाने के लिए सांसद संजय देशमुख के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात

उमरखेड | जिला प्रतिनिधि : शेख महेबूब

यवतमाल जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के भविष्य को लेकर उत्पन्न गंभीर संकट और अनिश्चितता को समाप्त करने के उद्देश्य से बैंक के सर्वांगीण विकास के लिए ठोस उपाययोजना करने की मांग की गई। इस संबंध में राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बैंक को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया है।

बैंक के अध्यक्ष एवं सांसद संजय देशमुख के नेतृत्व में उपाध्यक्ष तथा भाजपा नेता नितीन भुतडा और विजय जाधव ने 17 नवंबर को मंत्रालय स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर विभिन्न मांगों का ज्ञापन प्रस्तुत किया।

इस दौरान उमरखेड तहसील के पोफाली स्थित वसंत सहकारी शक्कर कारखाने पर बैंक के अधिकारियों को प्रशासक के रूप में नियुक्त करने, छत्रपति शिवाजी महाराज शेतकरी सम्मान योजना 2017 के अंतर्गत लाभ से वंचित किसानों को योजना का लाभ दिलाने, यवतमाल जिले में सहकार प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने तथा कृषि पूरक ग्रामीण विकास अकादमी शुरू करने की मांग रखी गई।

इसके अलावा यवतमाल नगर परिषद की जगह लीज पर उपलब्ध कराकर बैंक का मुख्य कार्यालय स्थापित करने, बैंक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर प्रतिनियुक्ति के माध्यम से नियुक्ति करने, बैंक के अधिकारियों की नियुक्ति तथा यवतमाल विभागीय कार्यालय एवं आरओ यवतमाल शाखा के लिए भूमि विकास बैंक की जगह उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखे गए।

इस अवसर पर पालकमंत्री संजय राठोड़ तथा राज्यमंत्री एड. इंद्रनील नाईक प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बैंक के अध्यक्ष सांसद संजय देशमुख, उपाध्यक्ष नितीन भुतडा एवं विजय जाधव को यवतमाल जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

बैंक बनेगी किसानों की संजीवनी

उपाध्यक्ष नितीन भुतडा ने विश्वास व्यक्त किया कि अनिश्चितता और संकट से घिरे किसानों की संजीवनी मानी जाने वाली यवतमाल जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक को समृद्ध एवं सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। बैंक को किसानों के अधिकारों की मजबूत संस्था के रूप में स्थापित करना ही हमारा उद्देश्य है।