*जिलाधिकारी ने धान क्रय केंद्रों का किया निरीक्षण, खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने एवं किसानों के पंजीकरण बढ़ाने के दिये निर्देश* सीतापुर दिनांक 19 नवम्बर 2026 (सू0वि0) जिलाधिकारी प्रथ
*जिलाधिकारी ने धान क्रय केंद्रों का किया निरीक्षण, खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने एवं किसानों के पंजीकरण बढ़ाने के दिये निर्देश*
सीतापुर दिनांक 19 नवम्बर 2026 (सू0वि0) जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत मूल्य समर्थन योजना के तहत तहसील सदर में संचालित धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया। अपराह्न 02.00 बजे बी-पैक्स टेडवा चिलौला, बी-पैक्स पकरिया एवं बी-पैक्स दहेलिया, चिलवारा कृषि हब स्थित धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर खरीद व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला प्रबंधक पीसीएफ एवं जिला प्रबंधक पीसीयू उपस्थित रहे। बी-पैक्स टेडवाचिलौला केंद्र पर 09 किसानों से 339.60 कुंतल, बी-पैक्स पकरिया केंद्र पर 07 किसानों से 297.20 कुंतल तथा बी-पैक्स दहेलिया केंद्र पर 08 किसानों से 596.40 कुंतल धान की खरीद की गई। निरीक्षण के समय तीनों केंद्रों पर किसानों की धान से भरी ट्रालियां मौजूद थीं तथा धान की तौल की प्रक्रिया चल रही थी।
जिलाधिकारी ने सभी केंद्र प्रभारियों एवं सचिवों को निर्देशित किया कि क्षेत्रीय किसानों से संपर्क कर कृषक पंजीकरण में तेजी लाएं तथा नियमानुसार धान खरीद सुनिश्चित करें। केंद्रों पर कृषक संपर्क रजिस्टर एवं टोकन रजिस्टर अनिवार्य रूप से बनाए जाएं तथा किसानों को धान बिक्री हेतु निर्धारित तिथि एवं मात्रा की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
सभी धान क्रय केंद्र नियमित रूप से संचालित करने, केंद्र प्रभारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा किसानों के बैठने, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। खरीद से संबंधित समस्त अभिलेख एवं प्रपत्र सुव्यवस्थित रखने तथा प्रत्येक किसान का नाम, पता, मोबाइल नंबर एवं विक्रय की गई धान की मात्रा रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों को तहसील स्तर पर कृषक पंजीकरण की प्रगति बढ़ाने एवं पंजीकरण सत्यापन समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिला प्रबंधक पीसीएफ, पीसीयू, यूपीएसएस, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता तथा संबंधित अधिकारियों को धान क्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने एवं प्रतिदिन धान खरीद की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी जिला खाद्य विपणन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। रिपोर्टर आसिफ खान वंदे भारत

