जयपुर में ‘मानक महोत्सव 2026’ का आयोजन, राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने भारतीय उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने पर दिया जोर

जयपुर। विश्व मानक दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के जयपुर शाखा कार्यालय की ओर से कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में ‘मानक महोत्सव 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन का उद्देश्य भारतीय मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उत्पादों एवं सेवाओं में गुणवत्ता की संस्कृति को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में पेट्रोलियम तथा विस्फोट सुरक्षा संगठन, जयपुर के संयुक्त मुख्य विस्फोटक नियंत्रक जनार्दन कुमार, प्रसार भारती के उपमहानिदेशक सतीश देपाल, सार्वजनिक निर्माण विभाग (विद्युत), जयपुर के मुख्य अभियंता अमित कक्कड़ तथा भारतीय मानक ब्यूरो, जयपुर शाखा कार्यालय के निदेशक एवं प्रमुख आदित्य दास सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
भारतीय मानकों को वैश्विक स्तर के अनुरूप बनाने पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने भारतीय मानक ब्यूरो की ओर से मानकीकरण, उत्पाद प्रमाणन, हॉलमार्किंग और गुणवत्ता आश्वासन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि भारतीय मानकों को वैश्विक स्तर के मानकों के अनुरूप विकसित किया जाना चाहिए, ताकि भारतीय उत्पादों और सेवाओं की गुणवत्ता, विश्वसनीयता तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धात्मकता को और मजबूत किया जा सके।
राज्यपाल ने उत्पादकों और विक्रेताओं से गुणवत्तापूर्ण वस्तुओं एवं सेवाओं के उत्पादन और बिक्री पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने गुणवत्ता को कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
गुणवत्ता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील
भारतीय मानक ब्यूरो, जयपुर शाखा कार्यालय के निदेशक एवं प्रमुख आदित्य दास ने गुणवत्ता और मानकीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने भारतीय मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उद्योगों, सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य हितधारकों के बीच सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि मानकों के प्रति जागरूकता और उनका प्रभावी अनुपालन उत्पादों एवं सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
14 अक्टूबर को मनाया जाता है विश्व मानक दिवस
विश्व मानक दिवस प्रतिवर्ष 14 अक्टूबर को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य मानकीकरण के महत्व और गुणवत्ता, सुरक्षा, विश्वसनीयता तथा तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने में अंतरराष्ट्रीय मानकों की भूमिका के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है।
मानक महोत्सव के माध्यम से भारतीय मानकों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, उत्पादों एवं सेवाओं में गुणवत्ता संस्कृति विकसित करने और सतत विकास के लिए मानकीकरण की भूमिका को रेखांकित किया गया।
350 से अधिक प्रतिनिधियों ने लिया भाग
कार्यक्रम में उद्योगों, उद्योग संघों, सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और प्रयोगशालाओं से जुड़े लगभग 350 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। आयोजन के माध्यम से गुणवत्ता, मानकीकरण और सतत विकास के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

