जयपुर में फर्जी पत्रकारिता का बढ़ता जाल, पत्रकार बनकर धमकी व वसूली का खेल बेनकाब*
जयपुर में फर्जी पत्रकारिता का बढ़ता जाल, पत्रकार बनकर धमकी व वसूली का खेल बेनकाब*
गोपाल गुप्ता
जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर में पत्रकारिता और यूट्यूब चैनल की आड़ में कथित रूप से धमकी देने, ब्लैकमेलिंग करने और अवैध वसूली के मामले गंभीर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। खुद को पत्रकार, यूट्यूबर और मीडिया प्रतिनिधि बताकर आम लोगों को डराने तथा उनसे पैसे ऐंठने की घटनाओं से पत्रकारिता की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हाल ही में प्रताप नगर और मुहाना थाना क्षेत्रों में सामने आए दो अलग-अलग मामलों ने इस तरह की गतिविधियों की कार्यप्रणाली को उजागर किया है।
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार जयसिंहपुरा खोर, रामगंज, जामडोली, नाई की थड़ी, झोटवाड़ा और आमेर सहित जयपुर के कई क्षेत्रों में भी कथित फर्जी पत्रकारों और यूट्यूबरों की गतिविधियों को लेकर चर्चाएं हैं। आरोप है कि कुछ लोग मीडिया संस्थान या समाचार पत्र के नाम से मिलते-जुलते नामों का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं कुछ लोग बिना वैध पंजीकरण के अखबार जैसी पीडीएफ तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर खुद को समाचार पत्र का प्रतिनिधि बताते हैं। ऐसे कथित मीडिया प्लेटफॉर्म और उनकी वास्तविक स्थिति को लेकर जानकारी जुटाए जाने की बात सामने आ रही है।
*महिला से वसूली का आरोप*
प्रताप नगर थाना पुलिस ने एक महिला को खबर चलाने और जेल भिजवाने की धमकी देकर कथित तौर पर पांच साल तक पैसे वसूलने के मामले में आरोपी राहुल सक्सेना को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में मुख्य आरोपी राहुल घुरैया उर्फ राज उर्फ राहुल गुर्जर को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को शरण देने के मामले में दो अन्य व्यक्तियों की गिरफ्तारी भी हुई है। पुलिस की इस कार्रवाई ने सोशल मीडिया और यूट्यूब चैनलों के नाम पर चल रहे कथित वसूली के खेल को चर्चा में ला दिया है।
मामले में आरोप है कि महिला को बदनाम करने, उसके खिलाफ खबर प्रसारित करने और जेल भिजवाने जैसी धमकियां देकर लंबे समय तक आर्थिक रूप से परेशान किया गया। पांच साल तक कथित वसूली का मामला सामने आना इस बात की गंभीरता दर्शाता है कि किस तरह किसी व्यक्ति की सामाजिक प्रतिष्ठा और बदनामी के डर को हथियार बनाकर उसे निशाना बनाया जा सकता है
*फर्जी पहचान पत्र से ठगी*
इसी तरह अगस्त 2026 में मुहाना थाना पुलिस ने फर्जी पहचान पत्र और सोशल मीडिया पर नकली आईडी बनाकर लोगों को झांसे में लेने वाले अरुण शर्मा उर्फ ‘आलू’ उर्फ दातार सिंह को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि वह कभी खुद को पुलिस की स्पेशल टीम का कर्मचारी तो कभी विश्वविद्यालय का प्रोफेसर बताकर लोगों पर प्रभाव जमाता था। फर्जी पहचान के जरिए लोगों को गुमराह कर ठगी करने का यह मामला भी सामने आया था। इस प्रकरण ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर बनाई गई पहचान और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किस तरह लोगों को भ्रमित करने के लिए किया जा सकता है।
*असली पत्रकारिता की साख पर पड़ रहा असर*
इन घटनाओं का सबसे बड़ा नुकसान उन पत्रकारों और मीडिया संस्थानों को उठाना पड़ता है, जो वर्षों से निष्पक्षता, जनहित और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ पत्रकारिता कर रहे हैं। कुछ लोग कैमरा, माइक, फर्जी प्रेस कार्ड और यूट्यूब चैनल अथवा सोशल मीडिया पेज को अपनी पहचान बनाकर अधिकारियों, व्यापारियों, कारोबारियों और आम नागरिकों पर दबाव बनाने की कोशिश करते हैं। कई बार खबर प्रकाशित करने या वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर समझौते के नाम पर रकम मांगने के आरोप भी सामने आते हैं।
ऐसी गतिविधियों से वास्तविक पत्रकारों की पहचान और विश्वसनीयता प्रभावित होती है। पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की समस्याओं, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनियमितताओं को सामने लाना है, न कि किसी व्यक्ति को डराकर निजी आर्थिक लाभ हासिल करना।
अब जरूरत इस बात की है कि पुलिस प्रशासन पत्रकारिता की आड़ में धमकी और वसूली करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करे। फर्जी प्रेस कार्ड, भ्रामक मीडिया पहचान, सोशल मीडिया पर बनाए गए नकली अकाउंट और बिना आवश्यक पंजीकरण के समाचार पत्र के रूप में प्रचारित की जा रही पीडीएफ की वास्तविकता की जांच होनी चाहिए।
साथ ही यह भी जरूरी है कि वास्तविक पत्रकारों और पंजीकृत मीडिया संस्थानों की प्रतिष्ठा सुरक्षित रहे। किसी के पास कैमरा, माइक या सोशल मीडिया चैनल होना उसे किसी व्यक्ति को धमकाने अथवा पैसे मांगने का अधिकार नहीं देता।

