Mon, 16 Nov 20265:23 AM
Mon, Nov 16, 2026Updated 5:23 AM IST
होम › छत्तीसगढ़

कोरबा: तेज रफ्तार वाहन ने SECL के जूनियर टेक्निकल इंस्पेक्टर को मारी टक्कर; ASI पर लगा लापरवाही का आरोप

WhatsAppFacebookX

दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत गेवरा इलाके में एक सड़क हादसे में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के एक कर्मचारी के घायल होने का मामला सामने आया है। एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने इलेक्ट्रिक स्कूटर सवार जूनियर टेक्निकल इंस्पेक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि हेलमेट पहने होने के कारण कर्मचारी की जान बाल-बाल बच गई, हालांकि हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। घायल कर्मचारी का इलाज गेवरा स्थित नेहरू शताब्दी अस्पताल में जारी है।

​कैसे हुआ हादसा?

​घायल कर्मचारी रूपचंद देवांगन ने घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि वह अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटर से नियत दिशा में चलते हुए क्षेत्रीय महाप्रबंधक (RGM) गेवरा कार्यालय के पास नाश्ता करने जा रहे थे। इसी दौरान CWS कार्यालय के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी स्कूटर को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन स्कूटर को सड़क पर घसीटते हुए करीब 200 मीटर दूर तक ले गया।

​ASI पर लगे गंभीर आरोप

​पीड़ित रूपचंद के अनुसार, दुर्घटना के बाद जब वाहन रुका, तो उसमें से एक पुलिस अधिकारी (ASI) बाहर निकले। पीड़ित का आरोप है कि हादसे के वक्त वह अधिकारी मोबाइल फोन पर व्यस्त थे और घटना के बाद उन्होंने बेहद गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाते हुए कहा कि ‘ऐसा हो जाता है।’
​रूपचंद ने बताया कि सिर पर हेलमेट होने की वजह से उनके प्राणों की रक्षा हो गई, लेकिन उनके सिर, कंधे, कमर और घुटने में गंभीर चोटें आई हैं।

​अस्पताल पहुंचाने से किया इनकार

​हादसे के बाद मौके पर इकट्ठा हुए स्थानीय लोगों ने जब आरोपी अधिकारी से घायल कर्मचारी को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए कहा, तो उसने गाड़ी में खराबी का बहाना बनाकर मदद करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे सहकर्मियों ने घायल रूपचंद को नेहरू शताब्दी अस्पताल पहुंचाया।
​पीड़ित के मुताबिक, बाद में वह पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचा था, लेकिन डॉक्टर से मिलने के बाद चुपचाप वहां से निकल गया। फिलहाल, अस्पताल में घायल कर्मचारी का उपचार चल रहा है और इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।