कुरारा: शराब पीने से मना करने पर मोमोज दुकानदार से मारपीट, सिर में आई चोट मनकी स्टैंड पर आधा दर्जन युवकों पर हमला करने का आरोप, घायल दुकानदार ने थाने में दी तहरीर

कुरारा: शराब पीने से मना करने पर मोमोज दुकानदार से मारपीट, सिर में आई चोट
मनकी स्टैंड पर आधा दर्जन युवकों पर हमला करने का आरोप, घायल दुकानदार ने थाने में दी तहरीर
कुरारा (हमीरपुर)। कस्बे के मनकी स्टैंड पर शराब पीने से मना करना एक मोमोज दुकानदार को भारी पड़ गया। शराब पीने से रोकने पर नाराज युवकों ने अगले दिन दुकानदार के साथ कथित तौर पर मारपीट कर दी। हमले में दुकानदार के सिर में चोट आई। पीड़ित ने आधा दर्जन युवकों के खिलाफ पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के कुशौंली पुरवा गांव निवासी सौरभ पुत्र रामसेवक कुरारा कस्बे के मनकी स्टैंड पर कालपी-हमीरपुर हाईवे किनारे मोमोज और फिंगर की ठिलिया लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता है।
पीड़ित ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि शुक्रवार शाम कुछ युवक उसकी दुकान के पास बैठकर शराब पी रहे थे। दुकानदार ने उन्हें वहां शराब पीने से मना किया, जिस पर युवक नाराज होकर मौके से चले गए।
आरोप है कि शनिवार सुबह करीब नौ बजे आधा दर्जन युवक एक साथ दुकान पर पहुंचे और सौरभ के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसके सिर में चोट लग गई और वह लहूलुहान हो गया। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट करने के बाद युवक जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने कुरारा थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायती पत्र दिया और कानूनी कार्रवाई की मांग की। फिलहाल मामले में पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।
संवाददाता: निज़ाम खान
वंदे भारत न्यूज़, हमीरपुर

