Mon, 23 Nov 202612:14 AM
Mon, Nov 23, 2026Updated 12:14 AM IST
होम › मध्य प्रदेश

लौर में चोर सक्रिय, पुलिस निष्क्रिय? रात-दर-रात बकरियां गायब, पुलिस के हाथ अब भी खाली!

WhatsAppFacebookX

लौर में चोर सक्रिय, पुलिस निष्क्रिय? रात-दर-रात बकरियां गायब, पुलिस के हाथ अब भी खाली!

सरई कृष्णकुमार में महेंद्र पाल के घर सेंध लगाकर 5 से 6 बकरियां ले उड़े चोर, बकरी चोरी की 4 से 5 घटनाओं के बावजूद एक का भी खुलासा नहीं।

मऊगंज। लौर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। क्षेत्र में चोरी की घटनाओं के बीच अब बकरी चोर भी सक्रिय हैं। ताजा मामला सरई कृष्णकुमार गांव का है, जहां निवासी महेंद्र पाल के घर चोरों ने सेंध लगाकर करीब 5 से 6 बकरियां चोरी कर लीं, जबकि उनके बच्चे मौके पर ही छोड़ गए।

मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया और बकरियां लेकर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित परिवार के लोग परेशान हो गए। इस घटना से परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

गौरतलब है कि लौर थाना क्षेत्र में बकरी चोरी की यह पहली घटना नहीं है। स्थानीय जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र में अब तक करीब 4 से 5 बकरी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके अलावा अन्य चोरी की वारदातें भी लगातार सामने आ रही हैं। हैरानी की बात यह है कि अभी तक पुलिस किसी भी बकरी चोरी की घटना का खुलासा नहीं कर सकी है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और नाराजगी का माहौल है। चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, वहीं पुलिस की कार्रवाई और गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

अब बड़ा सवाल यह है कि लौर क्षेत्र में चोर सक्रिय हैं या पुलिस की निगरानी कमजोर पड़ रही है? आखिर कब तक ग्रामीण अपनी मेहनत की कमाई गंवाते रहेंगे और पुलिस के हाथ खाली रहेंगे?
बेटू तिवारी मऊगंज रिपोर्ट✍️