मोतीगंज, छत्ता बाजार और दरेसी में नगर निगम का डंडा, दुकानदारों में मचा हड़कंप

मोतीगंज, छत्ता बाजार और दरेसी में नगर निगम का डंडा, दुकानदारों में मचा हड़कंप
दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त, हजारों रुपये का जुर्माना वसूला; जाम से निजात दिलाने को चला अभियान
आगरा। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों मोतीगंज, छत्ता बाजार और दरेसी नंबर दो में शुक्रवार को नगर निगम प्रशासन के अतिक्रमण हटाओ अभियान से कारोबारियों में हड़कंप मच गया। नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने बाजारों में दुकानों के बाहर सड़क और फुटपाथ पर रखे सामान को जब्त कर लिया। वहीं, अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों से हजारों रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। अचानक हुई कार्रवाई से बाजार में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा।
दरअसल, इन बाजारों में दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों के बाहर बिक्री का सामान रखकर सड़क और फुटपाथ पर कब्जा कर लिया जाता है। इससे बाजारों में दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। राहगीरों को निकलने के लिए रास्ता तक नहीं मिल पाता। कई स्थानों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोगों और राहगीरों की ओर से लगातार मिल रही शिकायतों को नगर निगम प्रशासन ने गंभीरता से लिया। इसके बाद शुक्रवार को इन तीनों बाजारों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया।
प्रवर्तन प्रभारी कर्नल राहुल गुप्ता के निर्देशन में पहुंची नगर निगम की टीम ने दुकानों के बाहर रखे सामान को हटवाया। जो दुकानदार स्वयं सामान हटाने को तैयार नहीं हुए, उनका सामान जब्त कर लिया गया। इसके साथ ही अतिक्रमण करने वाले कारोबारियों पर जुर्माने की कार्रवाई भी की गई। अभियान के दौरान कई स्थानों पर दुकानदारों और प्रवर्तन दल के कर्मचारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी।
नगर निगम की टीम ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि दोबारा दुकानों के बाहर सड़क और फुटपाथ पर सामान रखकर अतिक्रमण किया तो और सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाजारों में आवागमन सुचारु बनाए रखने और आम लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगी।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि शहर के प्रमुख बाजारों में अतिक्रमण के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। सड़क और फुटपाथ पर किसी को भी सामान रखकर कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नगर निगम की ओर से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। दुकानदार स्वयं भी अपनी दुकानों के बाहर अतिक्रमण न करें और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।

