नईगढ़ी तहसील के उमरिया पहुंचे कमिश्नर-कलेक्टर, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं


एक ही छत के नीचे जनता की समस्याओं का समाधान, उमरिया में लगा जन समस्या निवारण शिविर
मऊगंज। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत मऊगंज जिले की नईगढ़ी तहसील के उमरिया में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पहुंचे अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
शिविर में बिजली, पानी, पशुपालन, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। ग्रामीणों को एक ही स्थान पर अलग-अलग विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें बीपी और शुगर की जांच के साथ जरूरतमंदों को दवाइयों का वितरण भी किया गया।
इस दौरान रीवा संभाग के कमिश्नर शैलेंद्र सिंह, मऊगंज एसपी संजय जैन, कलेक्टर राजेश ओगरे सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर के बाद सभी अधिकारियों ने सरकारी स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्कूली बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन भी किया और स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
वहीं, क्षेत्र की आदिवासी बस्ती के ग्रामीणों ने कई वर्षों से रास्ते की समस्या से परेशान होने की बात अधिकारियों के सामने रखी। ग्रामीणों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर राजेश ओगरे ने संबंधित अधिकारियों को रास्ते की समस्या के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है। विशेष रूप से सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करना अभियान की प्रमुख मंशा है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

