Tue, 13 Oct 202612:35 PM
Tue, Oct 13, 2026Updated 12:35 PM IST
होम › टॉप न्यूज़

नवरात्रि पर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, पनीर सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

WhatsAppFacebookX

News video GIF

नवरात्रि पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने हरिद्वार जनपद में सघन निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक आयुक्त महिमानन्द जोशी के नेतृत्व में ज्वालापुर और भगवानपुर क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए विभिन्न नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र टम्टा ने ज्वालापुर के पुल जटवाड़ा क्षेत्र में पनीर सप्लाई करने वाले वाहन को रोककर पनीर का विधिक नमूना लिया। इसके अलावा अनाज मंडी ज्वालापुर स्थित मौ. हुसैन ट्रेडर्स से सरसों के तेल और ऊंचा पुल स्थित मिष्टी अरोमा रेस्टोरेंट से मूंगफली की गिरी का नमूना जांच के लिए एकत्र किया गया। निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट में खाद्य लाइसेंस नहीं मिलने पर संचालक को नोटिस जारी किए गए।
वहीं, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार ने भगवानपुर मुख्य बाजार में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुट्टू आटा, सिंघाड़ा आटा, वनस्पति घी और सेंधा नमक सहित कुल पांच नमूने जांच के लिए लिए। इस दौरान एक प्रतिष्ठान पर लगभग 12 किलोग्राम खुला कुट्टू आटा मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान जारी रहेगा।